Breaking News

सहारनपुर : पराली जलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाही करें : मण्डलायुक्त

रिर्पोट :- गौरव सिंघल, वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर मंडल।
सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज ब्यूरो )। मण्डलायुक्त सहारनपुर संजय कुमार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए है कि पराली जलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाही करें। उन्होंने कहा कि मानव जीवन से किसी को भी खिलावड़ करने की अनुमति नहीं दी जायेंगी। उन्होंने कहा कि मण्डल के तीनों जनपदों में 29 पराली जलाने की घटनाएं हुई है। जिसमें सर्वाधिक 16 सहारनपुर जनपद में हुई है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने वाले किसानों को जागरूक कर पराली जलाने से होने वाले नुकसान तथा भूमि की उर्वरक क्षमता पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी दी जाए।
मंडलायुक्त संजय कुमार आज यहां अपने कैम्प कार्यालय में पराली जलाने वालों के विरूद्ध की गयी कार्रवाही की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की पराली को गौशालों में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि मण्डल के सभी ग्रामों प्रधानों को भी जागरूक किया जाए तथा निर्देश दिए जाए कि गांवों मे पाराली जलाने से रोकेने में वे अपनी अहम भूमिका निभायें। उन्होंने कहा कि पराली जलायें जाने से कोविड-19 के मरीजों, बच्चों तथा दमा के मरीजों के सामने भारी परेशानी पैदा हो जाती है।संयुक्त कृषि निदेशक डी.सी. राजपूत ने बताया कि जनपद में 01 अक्टूबर से 17 अक्टूबर, 2020 तक मण्डल में 29 स्थानों पर फसल अवशेष जलाये जाने की घटना प्रकाश में आई है। जिनमें से सहारनपुर में 16, शामली में 10 तथा मुजफ्फरनगर में 3 घटनाएं हुई है।
उन्होंने बताया कि सहारनुपर में धान की पराली हाथ/रीपर से कटाई की 5 स्थानों पर, 10 स्थानों पर काम्बाईन हार्वेस्टर से तथा सहारनपुर व शामली में एक-एक स्थान से गन्ने की पराली जलाने तथा मुजफ्फरनगर व शामली में एक-एक स्थान पर कूडा जलाने की घटना सामने आई है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में पराली जलाने से मण्डल की 27 ग्राम पंचायतें प्रभावित हुई है, जिसमें सहारनपुर की 15, शामली की 9 तथा मुजफ्फरनगर की 3 ग्राम पंचायत प्रभावित हुई है। डी.सी. राजपूत ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं के लिए दोषी 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा 9 ग्राम प्रधान व अन्य के विरूद्ध कार्रवाही की गयी है। कार्रवाही के दौरान 29 किसानों के विरूद्ध भी कार्रवाही करते हुए 82 हजार रूपए के अर्थदण्ड के नोटिस जारी किये गये है तथा 11 के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि 114.60 कुन्तल पराली निराश्रित गोशालाओं को भेजी गयी है। साथ ही एक कम्बाईन हार्वेस्टर जब्त की गयी है।