Breaking News

PM मोदी की यात्रा से पहले मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री हुए गदगद, बोले- भारत सच्चा दोस्त, भारतीयों का दिल बहुत बड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) शुक्रवार को मालदीव (Maldives) पहुंचेंगे। उनकी यह यात्रा मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू (President Mohamed Muizzu) के निमंत्रण पर हो रही है। इस यात्रा से पहले मालदीव की सरकार और पूर्व सरकार के नेता काफी गदगद हैं। वहां के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने पीएम मोदी की इस यात्रा से पहले भारत की जमकर तारीफ की है। उन्होंने भारत को एक सच्चा दोस्त बताते हुए कहा है कि भारतीय लोगों का दिल बहुत बड़ा होता है और जब भी हमें मदद की जरूरत होती है तो हमेशा ही भारत आगे आता है। भारत ने कभी भी मालदीव को निराश नहीं किया है।

मीडिया से बात करते हुए मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा है कि मालदीव और भारत के बीच संबंधों ने हमेशा यह दिखाया है कि भारत पहली प्रतिक्रिया देने वाला देश है। जब भी हम अंतरराष्ट्रीय लाइन पर डायल करते हैं, भारत सबसे पहले प्रतिक्रिया देता है। इसके कई कारण हैं। सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण कारण यह है कि भारतीय लोगों का दिल बड़ा है और वे पड़ोस में मालदीव की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं, वे बहुत उदार हैं। दूसरा, भारत भौगोलिक रूप से मालदीव के बहुत करीब है। जब भी मालदीव में कोई अत्यावश्यक और संकटपूर्ण घटना होती है, भारत ने हमें कभी निराश नहीं किया है। भारत सरकार द्वारा सहायता में वृद्धि उदारता और परिपक्वता को दर्शाती है। कूटनीतिक तनाव के बावजूद, भारत ने फैसला किया कि संबंध लोगों के बीच है और सरकारें बदलती रहती हैं, सत्ता में राजनीतिक दल बदलते रहते हैं लेकिन हमारे दोनों लोगों के बीच मौजूद संबंध ठोस आधार पर हैं और कभी नहीं बदले हैं।”