Breaking News

सहारनपुर : प्रशासन ने सपा नेताओं को धरना स्थलों पर जाने से रोका, बड़े नेताओं को तड़के ही घरों पर किया नजरबंद

रिर्पोट :- गौरव सिंघल, वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर मंडल।
देवबंद (दैनिक संवाद न्यूज ब्यूरो)।सहारनपुर नगर और जनपद में आज तड़के ही पुलिस प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के तमाम बड़े और छोटे नेताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया। इस कारण समाजवादी पार्टी की किसान यात्राएं आज सुचारू रूप से नहीं निकल पाई। हालांकि समाजवादी के सैकड़ों कार्यकत्र्ता डा. लोहिया की लाल टोपी लगाए बाइकों और दूसरे वाहनों पर सड़कों और अन्य स्थानों पर घूमते हुए नारे लगाते दिखाई दिए। समाजवादी पार्टी के सहारनपुर महानगर के विधायक एवं सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष संजय गर्ग ने पुलिस द्वारा घेरे अपने आवास पर पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्षी दलों को उनकी राजनीतिक गतिविधियां नहीं चलाने दे रहे हैं।
केवल भारतीय जनता पार्टी को ही अपने एजेंडे पर काम करने की स्वतंत्रता प्राप्त है। लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी राजनीतिक गतिविधियां चलाने का अधिकार प्राप्त रहता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकारें लोकतांत्रिक अधिकारों का मनमाने ढंग से इस्तेमाल कर रहे हैं। संजय गर्ग ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने किसान बिलों को लेकर किसान यात्राएं शुरू करने का कार्यक्रम किसान आंदोलन से पूर्व में ही घोषित किया था और उनकी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह तय किया था कि पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी एक हफ्ते तक किसानों के बीच जाकर केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन किसान कानूनों के बारे में किसानों को वस्तुस्थिति से अवगत कराएगी। यह कानून किसानों के हितों के खिलाफ है और इनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मकसद अपने चहेते बड़े उद्योगपतियों और कारोबारियों को फायदा पहुंचाना मात्र है। सपा नेता संजय गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं भी राजनीतिक बैठके लेने के लिए प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और भाजपा ने तय किया है कि उसके नेता देशभर में किसानों के बीच जाकर पंचायत करेंगे और 700 स्थानों पर प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे। इसी तरह का अधिकार और स्वतंत्रता विपक्षी दलों को भी मिलनी चाहिए।
आज सुबह जिला प्रशासन ने प्रदेश के पूर्व सपाध्यक्ष जगपाल सिंह के बेटे और सपा के प्रांतीय सचिव जगपाल दास, सरफराज खान, पूर्व विधायक माविया अली और उनकी पार्टी के अनेक पदाधिकारियों और नेताओं को घरों पर ही कैद किए रखा। इन नेताओं के घरों पर आज सुबह छह बजे ही पुलिसकर्मियों ने बड़ी संख्या में डेरा डाल दिया था। समाजवादी पार्टी का आज सहारनपुर पुलिस लाइन के पास हकीकत नगर स्थित धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में अपना कार्यक्रम करने की योजना थी। जिसे प्रशासन द्वारा नहीं करने दिया गया।