पी के आगरा में बदमाशों ने लूट के बाद सराफ की हत्या कर दी। आभूषण लूटकर भागते बदमाश को सराफ ने पकड़ लिया था। इस पर दूसरे बदमाश ने सीने में गोली मार दी और पांच लाख के गहने लूट ले गए।
आगरा शहर के व्यस्त बाजार कारगिल चौराहा (सिकंदरा) पर शुक्रवार सुबह बाइक से आए नकाबपोश दो बदमाशों ने श्री बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम में घुसकर पांच लाख के आभूषण लूट लिए। महिला कर्मचारी और ग्राहक युवती के शोर मचाने पर पिस्टल तान दी।
लूट के बाद भागते एक बदमाश को अचानक पहुंचे सराफ योगेश चौधरी ने शोरूम के बाहर पकड़ा, हाथापाई होने पर उसके दूसरे साथी ने उन्हें पिस्टल से सीने में गोली मार दी। हत्या के बाद बदमाश आराम से भाग निकले। कारगिल चौराहे पर गोलीकांड की एक सप्ताह में दूसरी घटना से व्यापारियों में आक्रोश है।
शोरूम में आए दो बदमाश
रामा एन्क्लेव, पश्चिमपुरी निवासी योगेश चौधरी की कारगिल चौराहा स्थित फॉरच्यून टावर के प्रथम तल पर श्री बालाजी ज्वेलर्स नाम से शोरूम है। शोरूम में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-4 की रेनू काम करती हैं। शुक्रवार सुबह 10:45 वह शोरूम पहुंचीं। 15 मिनट बाद एक युवती बाली खरीदने आई। रेनू सोने की बाली दिखाने लगीं। 11:10 बजे दो बदमाश आए।