Breaking News

दूल्हे ने निकाह के तुरन्त बाद मांगी बुलेट बाइक तो दुल्हन के पिता और घरवालों ने सिखाया ऐसा सबक

उत्तर प्रदेश के अमेठी में दहेज लोभी दूल्हे को दुल्हन के पिता और उसके घरवालों ने ऐसा सबक सिखाया कि वह समाज के सामने अपना चेहरा लेकर आने में भी शर्मिदा होगा। निकाह के दौरान दूल्हे को दहेज में बाइक की जगह बुलेट मांगना भारी पड़ गया। दुल्हन पक्ष के लोग निकाह के दौरान दूल्हे की इस हरकत से नाराज हो गये। दुल्हन पक्ष के लोगों ने इसके चलते ना सिर्फ दूल्हे को जमकर पीटा बल्कि उसे पुलिस के आ जाने तक बंधक भी बना लिया। अब दहेज में बुलेट मांगने वाले दूल्हे और उसके पिता की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिस पर लोग कमेंट कर रहे हैं। अमेठी के केसरिया सलीमपुर गांव में 17 मई को नसीम अहमद की बेटी का निकाह था। बारात रायबरेली जिले रोखा गांव से आई थी। दूल्हा मोहम्मद आमिर सज धज कर स्टेज पर बैठा था और निकाह की रस्में चल रही थीं। इस दौरान वह कुछ बोलना चाह रहा था। बारात पहुंचने पर दुल्हन के परिवारवालों ने उनकी खूब आवभगत की।

 

हंसी- खुशी निकाह की रस्म अदा की गई और बारातियों ने दावत खायी। इसी बीच दूल्हे ने खाने की रस्म के दौरान ससुराल वालों के सामने बाइक की जगह बुलेट की मांग रख दी। लड़की के पिता ने उसकी यह डिमांड भी मान ली और बुकिंग होते ही बुलेट देने की हामी भर दी। इसके लिए दुल्हन के पिता ने दूल्हे को दो लाख का चेक भी दे दिया। इस दौरान दूल्हा जिद करने लगा। दूल्हा और उसके पिता बुलेट के साथ ही दुल्हन की विदाई पर अड़ गये। दूल्हा और उसके पिता ने न सिर्फ दिया हुआ चेक फाड़ कर फेंक दिया बल्कि दुल्हन पक्ष के लोगों को भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। दूल्हे और उसके पिता की इस हरकत पर गांव वाले नाराज हो गये।

बात इतनी बढ़ी कि मामला तलाक तक पहुंच गया जिससे गुस्सा होकर दुल्हन पक्ष के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दूल्हे को बंधक बनाकर जमकर पीटा। वहीं जब दुल्हन को इसकी जानकारी हुई तो उसने दहेज लोभियों के घर जाने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधक बनाये गए दूल्हे और उसके पिता को छुड़ाया। पुलिस दूल्हे और उसके पिता को थाने ले आयी। इस मामले में पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। वहीं दूल्हे की शिकायत पर लड़की पक्ष वालों पर भी पिटाई का केस दर्ज किया गया है।