Breaking News

भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी के बीच सीटों पर बनी सहमति, इन सीटों पर बड़ा निर्णय

विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बन गयी है। बताया जा रहा है कि भाजपा, अपना दल और निषाद पार्टी के बीच सीटों का बंटवारा हो चुका है। गुरूवार को दोनों दलों के सीटों का ऐलान होगा। भाजपा गठबंधन में अपना दल (एस) जहां 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं निषाद पार्टी के पास में 10 सीटें आईं हैं। संजय निषाद की पार्टी निषाद पार्टी 15 से 17 सीटों की मांग पर अड़ी थी। भाजपा के साथ कई दौर की बैठक भी सीटों को लेकर हुई। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने निषाद पार्टी को 10 सीट देने पर मुहर लगाई है।

निषाद पार्टी भी इतने सीट पर मान गई है जिसकी आज घोषणा होगी। भाजपा ने 23 माह बाद जेल से बाहर आए आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को घेरने की भी रणनीति बना ली है। बीजेपी और अपना दल गठबंधन से अब्दुल्ला आजम के खिलाफ नवाब हमजा को उतारने की तैयारी है। माना जा रहा है कि अब्दुल्ला आजम सपा से चुनाव लड़ सकते हैं। उनके खिलाफ उसी अनुपात का प्रत्याशी उतारा जाएगा।

यूपी की कटहरी, ज्ञानपुर, शाहगंज, जयसिंहपुर, गोरखपुर ग्रामीण, मेहदावल, तमकुही राज, नौतनवां, अतरौलिया, बारां, हंडिया, तिंदवारी, काल्पी, सकलडीहा, सुआर, जखनिया सीट निषाद पार्टी के खाते में जा सकती है। ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव 2019 में निषाद पार्टी का भाजपा से गठबंधन हुआ था।

2017 चुनाव के ये थे परिणाम

2017 के चुनाव में बीजेपी ने यहां की 403 में से 325 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सपा और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। सपा ने 47 और कांग्रेस ने 7 सीटें ही जीती थीं। मायावती की बसपा 19 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। प्रदेश की 4 सीटों पर अन्य का कब्जा हुआ था।