Breaking News

विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, अब BJP के साथ कमल खिलाने की तैयारी

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रायबरेली सदर की विधायक अदिति सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नवंबर 2021 में ही रायबरेली सदर से पार्टी की फायर ब्रांड विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस को झटका दिया था और भाजपा का दामन थामा था। अब अदिति ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि भाजपा रायबरेली सदर सीट से ही अदिति सिंह को टिकट देने जा रही है।
अदिति सिंह ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिख अपने इस्तीफे की सूचना दी है।

 

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद सोनिया गांधी के नाम पत्र लिख अदिति सिंह ने प्राथमिक सदस्तया से इस्तीफा दिया है। अदिति सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा 19 जनवरी की तारीख में दिया है। ज्ञात हो कि अदिति सिंह कांग्रेस पर हमलावर रही हैं। लॉकडाउन के दौरान कांग्रेस की तरफ से मजदूरों को लाने के लिए की गई बसों की व्यवस्था पर भी उन्होंने निशाना साधा था। अदिति सिंह कांग्रेस की नीतियों पर हमलावर रही हैं।

 

2017 में कांग्रेस से बनीं थी विधायक

ज्ञात हो कि अदिति सिंह 2017 में रायबरेली की सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। धीरे-धीरे उनके रिश्ते कांग्रेस से तल्ख होते गये। अदिति सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी से काफी नजदीकी रही है। अदिति सिंह अक्सर कांग्रेस की नीतियों के विरुद्ध योगी सरकार की तारीफ करती नजर आती थीं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से 370 हटाने का समर्थन किया था। इससे कांग्रेस को काफी शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी। कांग्रेस ने अदिति सिंह की सदस्यता खत्म करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष के यहां अपील की थी लेकिन इसको खारिज कर दिया गया था।