Breaking News

उत्‍तर प्रदेश और बिहार में आज हो सकती है तेज बारिश

मानसून का प्रभाव अब धीरे-धीरे कुछ कम होता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ जगहों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के अधिकतर राज्‍यों में अगले तीन दिन मौसम साफ रहने की उम्‍मीद जताई गई है। हालांकि इस दौरान उत्‍तर-पूर्वी राज्‍य, उत्‍तरी राज्‍यों में मध्‍यम से तेज बारिश हो सकती है।

जिन राज्‍यों में इस दौरान मौसम साफ रहेगा वहां पर आने वाले दिनों में लाेगाें काे अब भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पंजाब समेत कुछ अन्‍य राज्‍यों के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि यहां पर शुक्रवार से मानसून थोड़ा कमजोर पड़ जाएगा। अगले तीन दिनों के लिए मौसम विभाग का अनुमान कुछ इस प्रकार है।

11 अगस्‍त: जम्‍मू कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, पूर्वी मध्‍य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके और रायलसीमा में गरज के साथ बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, छत्‍तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, पूर्वी उततर प्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल समेत सभी उत्‍तर पूर्वी राज्‍यों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

12 अगस्‍त: जम्‍मू कश्‍मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

झारखंड, मिजोरम, त्रिपुरा में तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार, उत्‍तर पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है।