दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों (Top 10 Billionaires) की ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) में आज उथल-पुथल नजर आ रही है। सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल (Oracle software company) के चेयरमैन लैरी एलिसन (Larry Ellison) दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg.) और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) को पीछे छोड़ दिया। 80 वर्षीय लैरी की कुल संपत्ति 257 अरब डॉलर पहुंच गई है। बुधवार को उनकी संपत्ति में 5.9 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। उनसे आगे अब सिर्फ टेस्ला के मालिक एलन मस्क हैं, जिनकी कुल संपत्ति 366 अरब डॉलर है।
मार्क जुकरबर्ग ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में एलिसन से पिछड़ कर तीसरे पर पहुंच गए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 247 अरब डॉलर है। वहीं बेजोस भी 243 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर आ गए हैं।
बिल गेट्स टॉप-10 से बाहर, अब वॉरेन बफे का नंबर
माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स टॉप-10 की लिस्ट से बाहर हो गए हैं। वह 123 अरब डॉलर के साथ अमीरों की सूची में 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं। एनवीडिया के मालिक जेनसेन हुआंग ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा रैंकिंग में टॉप-10 में एंट्री पा चुके हैं। 149 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ जेनसेन हुआंग 9वें नंबर पर हैं। जबकि, वॉरेन बफे 142 अरब डॉलर के साथ 10वें नंबर पर हैं। इनके ठीक पीछे माइकल डेल हैं। डेल टॉप-10 में एंट्री पाने और बफे को 11वें पायदान पर ढकेलने के लिए तेजी से आगे बढ़ ही रहे थे कि उन्हें बुधवार को 7.16 अरब डॉलर का झटका लग गया। इनकी कुल संपत्ति अब 131 अरब डॉलर है।
अडानी-अंबानी की रैंकिंग बरकरार
एशिया के सबसे रईस रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी अभी 108 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 16वें पायदान पर डटे हुए हैं। गौतम अडानी भी टॉप-20 में अपनी जगह पर टिके हैं। अडानी की कुल संपत्ति 85.6 अरब डॉलर है।