Breaking News

एमआईटी पुणे के छात्रों ने राम मंदिर निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपए दान किए

अयोध्या संवाददाता- अंशुमान सिंह “गुड्डू”
   “रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए दान देने में देश-विदेश के भक्तों और संतों के साथ छात्र भी आगे आए हैं। एमआईटी पुणे के छात्रों ने मंदिर निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। दूसरी ओर शनिवार को ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने देश भर के रामभक्तों की ओर से प्राप्त एक कुंतल चांदी व सोना महासचिव चंपत राय को सौंपा। साथ ही एक लाख का चेक और नकद धनराशि भी ट्रस्ट को समर्पित की गई।
 संत मोरारी बापू के आह्वान पर उनके अनुयायियों ने चार दिन में 18 करोड़ की धनराशि एकत्र की। इसमें भारत में निवास कर रहे श्रद्धालुओं ने 11 करोड़ 60 लाख का दान किया है। यह धनराशि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते में हस्तान्तरित हो गयी है। विदेश से आए सात करोड़ रुपये के दान का भुगतान अभी रोका गया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पंजीकरण विदेशी मुद्रा विनिमय के प्रावधानों के अन्तर्गत होने के बाद इसका भी भुगतान हो जाएगा।
     ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि  भूमि पूजन अनुष्ठान के यजमान महेश भागचंदका ने भी एक करोड़ का दान देने की घोषणा की। इसी तरह कोलकाता के सजन बंसल नामक श्रद्धालु ने एक करोड़ का दान किया। एक अन्य श्रद्धालु ने एक करोड़ का गुप्त दान दिया है।
 पांच लाख तक का ऑनलाइन भुगतान बैंक में सीधे आ रहा है। एक लाख का दान देने वालों की संख्या भी बहुत बड़ी है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने अपने गुरुदेव व भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन संत स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज की स्मृति में सवा लाख का दान घोषित किया। महावीर ट्रस्ट, पटना पहले ही दस करोड़ दान का ऐलान कर चुका है। इसमें दो करोड़ की पहली किस्त ट्रस्ट के खाते में हस्तांतरित कर दी गयी है। स्वामी रामभद्राचार्य ने भी एक करोड़ 51 लाख के दान का ऐलान किया है। साबरकांठा, गुजरात के वनवासी क्षेत्र के स्वामी शांति गिरि ने भी 51 लाख दान की घोषणा की है।
 हरिद्वार व हरियाणा के संतों ने किया 56 लाख का दान 
इसी तरह से हरिद्वार की एक संस्था से जुड़े संत ने 25 लाख व हरियाणा के दूसरे संत की ओर से 31 लाख ट्रस्ट के खाते में भेजे जा चुके हैं। उधर रामजन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी व निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेन्द्र दास ने भी ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र को एक लाख 21 हजार का चेक भेंट किया। यह चेक महंत श्री दास के शिष्य सुलतानपुर के जरई कला निवासी शिव नायक की ओर से राम मंदिर निर्माण के लिए दिया गया।
    
♦️भगवान के काम में धन की कोई कमी नहीं आने पायेगी:चंपत
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि भगवान के काम में धन की कोई कमी नही आने पायेगी। भव्य मंदिर निर्माण के लिए लोग तन, मन, धन से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण को लेकर पिछले दो महीने से ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के पास आ रहे राम भक्त कुछ न कुछ भेंट दे रहे थे, जिसमें चांदी मुख्य थी। मणिराम दास छावनी के दिवंगत बड़े पुजारी बजरंग दास ने भी राम मंदिर के लिए 40 किलो चांदी की ईंट दी थी। इसी तरह एक कुंतल चांदी और सोने के दान रखे थे, जिसे सुरक्षित रखने के लिए ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। श्री राय ने कहा कि सम्बन्धित दानदाताओं के नामों की जानकारी लेकर उनके नाम से ट्रस्ट की रसीद धन्यवाद पत्र के साथ उनके पते पर भेजी जाएगी।