Breaking News

Bihar: चुनाव से एक दिन पहले मुंगेर में बवाल, दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस-पब्लिक में भिड़ंत- एक की मौत, कई घायल

बिहार में 28 अक्तूबर को पहले चरण के चुनाव होने से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार के मुंगेर जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस और लोगों के बीच हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और सुरक्षाबलों के बीच झड़प में एक युवक की मौत और 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और श्रद्घालुओं के बीच झड़प हो गई, सांकेतिक तस्‍वीर ।

बताया जा रहा है कि सोमवार की आधी रात शादीपुर में बड़ी दुर्गा के विसर्जन के दौरान पुलिस ने युवकों पर बल प्रयोग किया। इससे भीड़ उग्र हो गई और पुलिस और लोगों में भिड़ंत हो गई। बचाव करते हुए पुलिस ने फायरिंग की जिसमें एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। गोली लगने से कई लोग घायल हो गए हैं जिनका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

बिहार के मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ है.

हालांकि डीएम राजेश मीणा और और एसपी लिपि सिंह ने इस घटना पर सफाई देते हुए दो अलग-अलग वीडियो क्लिप जारी किए। एसपी लिपि सिंह ने कहा कि विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में करीब 20 सुरक्षा बल के जवान घायल हो गए, एक एसएचओ स्तर के अधिकारी का सिर फट गया। एसपी ने बताया पथराव के बाद असामाजिक तत्वों ने गोलीबारी भी की जिसमें एक युवक की मौत हो गई।

बिहार के मुंगेर में हुई हिंसा की घटना के बाद मामले की जानकारी देते अधिकारी

डीएम राजेश मीणा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी मूर्तियों का विसर्जन हो गया है। इधर सोशल मीडिया पर इस घटना की वीडियो और कमेंट पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।