Breaking News

देशवासियों से CM योगी की अपील, कहा- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में सहभागिता तो बढ़े, लेकिन……

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक जनभागीदारी के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 21 जून को मनाए जाने वाले सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में सहभागिता तो बढ़े, लेकिन घर में रहकर परिवार के साथ इसका आयोजन कोविड प्रोटोकाल व शारीरिक दूरी के पालन के साथ किया जाए।

इस दौरान आयुष विभाग ने एक प्रस्तुतीकरण किया। इसमें बताया कि योग दिवस पर आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सुबह 6:30 बजे से दूरदर्शन पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का प्रसारण होगा। सुबह 6:40 से सात बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद सुबह सात से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकाल का प्रसारण होगा। 7:45 बजे से राज्यस्तरीय कार्यक्रमों और शाम 6:30 से 7:30 बजे तक योग विशेषज्ञों के सम्मेलन का प्रसारण किया जाएगा।

इसके साथ ही बताया कि कामन योग प्रोटोकाल के अनुसार मुख्यमंत्री का एक वीडियो सूचना विभाग द्वारा तैयार कराकर उसका सजीव प्रसारण राज्य के आधिकारिक फेसबुक, ट्विटर और उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के आधिकारिक फेसबुक, ट्विटर व यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। आयुष कवच एप पर भी इसका प्रसारण कराया जाएगा। आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योग दिवस चैलेंज के तहत योग वीडियो प्रतियोगिता, योग कला प्रतियोगिता और योग क्विज प्रतियोगिता का आयोजन होगा।