Breaking News

हर दिन 50 हजार से ज्यादा केस, महाराष्ट्र में आज लगेगा संपूर्ण लॉकडाउन!

महाराष्ट्र कैबिनेट ने कड़ा लॉकडाउन लगाए जाने की अनुशंसा की है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस सिलसिले में बुधवार को यानी आज घोषणा कर सकते हैं।यह जानकारी महाराष्ट्र सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने दी। लोक निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे और स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने भी सूचित किया कि कैबिनेट ने राज्य बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय किया है।मंत्री ने मंगलवार की कैबिनेट बैठक के बाद कहा कि महाराष्ट्र में पिछले दो हफ्ते से कोरोना वायरस के मामले प्रतिदिन 50 हजार से अधिक आ रहे हैं।

लोग आवाजाही एवं भीड़ इकट्ठा करने पर लगी पाबंदियों का उल्लंघन कर रहे हैं। कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए सभी कैबिनेट मंत्रियों ने कड़ा लॉकडाउन लगाए जाने का पक्ष लिया। मंत्री राज्य के सभी क्षेत्रों से हैं, इसलिए इससे संकेत मिलता है कि पूरे राज्य में यह उपाय लागू किए जाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कड़े उपायों के बारे में आधिकारिक घोषणा बुधवार को कर सकते हैं।

महाराष्ट्र में किराना, खाद्य सामग्री की दुकानें सिर्फ सुबह खुलेंगी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को फैसला किया कि राज्य में एक मई तक किराना और खाद्य सामग्री की दुकानें सुबह सात से 11 बजे तक ही खुली रहेंगी। सरकार ने कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। नई पाबंदियां मंगलवार रात आठ बजे से एक मई सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेंगी। आदेश के अनुसार, किराना, सब्जी, फल, डेयरी, बेकरी, कंफेक्शनरी, चिकन, मटन, मांस, मछली अंडा सहित तमाम प्रकार की खाद्य सामग्री, कृषि क्षेत्र से जुड़ी वस्तुओं की दुकानें, पालतू पशुओं के भोजन से जुड़ी दुकानें, बारिश के मौसम से जुड़ी सामान की दुकानें सुबह सात से 11 बजे तक खुलेंगी। ऐसी दुकानों से होम डिलीवरी सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक की जा सकेगी, लेकिन स्थानीय प्रशासन आवश्यकतानुसार समय में बदलाव कर सकता है।

ऑक्सीजन की कमी के चलते लगेगा लॉकडाउन!

उद्धव सरकार के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया है कि बुधवार रात 8 बजे के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लॉकडाउन का ऐलान करेंगे। महाराष्ट्र कैबिनेट ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इसकी सिफारिश की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, ‘हमने मुख्यमंत्री से बुधवार रात 8 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की अपील की है। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से यह गुजारिश की है। अब मुख्यमंत्री को फैसला लेना है।’ हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कल रात 8 बजे के बाद सीएम संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करेंगे।वहीं, मंत्री असलम शेख ने कहा कि मेडिकल ऑक्सीजन की कमी की वजह से यह फैसला लिया गया है। इसके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी की जाएगी।

बता दें कि महाराष्ट्र में मंगलवार को भी कोरोना के 62 हजार 97 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं कोरोना के कारण राज्य में एक दिन के अंदर रिकॉर्ड 519 लोगों ने दम तोड़ दिया।