Breaking News

झारखंड में चढ़ा सियासी पारा, पूर्व CM चंपई 6 MLA के साथ दिल्ली रवाना, BJP के बड़े नेताओं से कर सकते हैं मुलाकात

 झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेने को लेकर चल रही सियासी अटकलों के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व CM सोरेन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, चंपई सोरेन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ लगातार संपर्क में बने हुए हैं और उनके साथ 6 विधायक भी दिल्ली आ रहे हैं। इन सभी विधायकों से जेएमएम नेतृत्व का संपर्क नहीं हो पा रहा है। कहा जा रहा है कि ये सभी विधायक भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। जिन विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनमें दशरथ गगराई, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा, लोबिन हेमब्रोम, समीर मोहंती शामिल हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, चंपई सोरेन कल रात कोलकाता के एक होटल में ठहरे हुए थे जहां उन्होंने बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी से भी मुलाकात की। आज सुबह की फ्लाइट से वह दिल्ली के लिए रवाना हुए। उन्होंने अपने निजी स्टाफ के साथ सुबह की फ्लाइट से उड़ान भरी। ऐसी अटकलें हैं कि दिल्ली दौरे के दौरान वह भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक, उनके कोलकाता से असम भी निकलने की भी संभावना जताई जा रही है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा झारखंड के प्रभारी हैं।

शुक्रवार को जब चंपई सोरेन से बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा, “आप लोग ऐसा सवाल कर रहे हैं पर, इस पर क्या बोलें, हम तो आपके सामने हैं।” इतना बोलते ही वह गाड़ी में बैठ गए।

झारखंड बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा, चंपई सोरेन का एक बड़ा व्यक्तित्व है। उन्होंने कहा कि झारखंड की 3.5 करोड़ जनता उनके काम से खुश थी, लेकिन जिस हिसाब से उन्हें सीएम पद से हटाया गया, वो दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा सेटबैक था कि उन्हें सीएम पोस्ट से हटाया गया। आखिर उनकी क्या गलती थी?’

बता दें कि झारखंड में चंपई सोरेन ने बीते महीने जुलाई में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था और हेमंत सोरेन एक बार फिर झारखंड के सीएम बन गए थे। चंपई सोरेन 2 फरवरी 2024 से 3 जुलाई 2024 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और राज्य के सातवें सीएम के रूप में रहे। चंपई सोरेन की गिनती झामुमो के सीनियर नेताओं में होती है। चंपई सोरेन सात बार के विधायक हैं।