Breaking News

25 राज्यों में भारी बारिश, मुंबई-राजकोट समेत कई शहरों में ‘जल कर्फ्यू’ जैसे हालात

देश (country) के 25 राज्यों (25 states) में भारी बारिश और बाढ़ (heavy rains and floods) से मुंबई-अहमदाबाद (Mumbai-Ahmedabad) समेत कई शहरों में सैलाब आ गया है। महाराष्ट्र (Maharashtra), गुजरात (Gujarat) और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। सड़कों लेकर घरों और अस्पतालों तक में पानी घुस गया है। यातायात पर भी असर पड़ा है।

गुजरात के नवसारी, सूरत, डांग, राजकोट और वलसाड शहर जलमग्न है। कई घर-दुकान बारिश में जमींदोज हो गए हैं। इन जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। राजकोट में अस्पताल में पानी भरने पर मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। एक ही रात में सात इंच बारिश से सड़क पर नाव चलानी पड़ी। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। अहमदाबाद के रिहायशी इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया। नवसारी शहर में बाढ़ में फंसे लोगों को बचाया गया।

राज्य में एक जून से अभी तक 69 लोगों की जान जा चुकी है। कुल 27,896 लोगों को बचाया गया है। पश्चिम रेलवे ने नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी, साबरमती एक्सप्रेस समेत दर्जनभर ट्रेन को रद्द कर दिया है।

महाराष्ट्र: मुंबई में सड़कें जलमग्न, मेट्रो सेवा बाधित
मुंबई में मंगलवार को तेज बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। जलभराव का असर यातायात पर पड़ा है। कई मार्ग परिवर्तित करने पड़े। जगह-जगह जाम रहा। अंधेरी में मेट्रो सेवा भी रोकनी पड़ी। मुंबई लोकल पर भी असर पड़ा। हिंदमाता जंक्शन में 0.5 फीट पानी जमा हो गया। बारिश के बीच मुंबई में मरीन ड्राइव पर हाई टाइड भी देखा गया। लगातार बारिश से गढ़चिरौली, नंदूरबार भी प्रभावित है। पुणे में आवासीय ढांचे का एक हिस्सा गिरने से चार लोग घायल हो गए। राज्य में अगले 24 घंटे में भारी बारिश से राहत के आसार नहीं हैं।

मध्य प्रदेश: छिंदवाड़ा और विदिशा में घरों-गाड़ियों में फंसे लोग
खरगोन में नदी-नाले उफान पर हैं। भोपाल और छिंदवाड़ा में भी यही हाल है। छिंदवाड़ा में कुछ लोग वैन में तो विदिशा में कई घरों में पानी घुसने से फंसे रहे। सबसे ज्यादा नौ इंच बारिश छिंदवाड़ा के सौंसर में हुई। तेज और ज्यादा बारिश की वजह से राज्य के कई शहरों में कई जगह पानी भर गया।

आंध्र प्रदेश: गोदावरी, अल्लूरी सीताराम में सतर्कता के निर्देश
गोदावरी नदी में मंगलवार को सुबह पानी का स्तर बढ़कर 12.10 लाख क्यूसेक पर पहुंचने से बाढ़ आने का खतरा बढ़ने पर आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम के पास डोवालेस्वरम बैराज में पहली चेतावनी जारी की गई है। गोदावरी, अल्लूरी सीताराम राजू तथा आंबेडकर कोनसीमा जिलों में सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा में तेज बहाव के बीच से युवक को बचाया
कांगड़ा जिले में शाहपुर इलाके में सोमवार को चांबी नदी में तेज बहाव के बीच एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। सैलाब के बीच घिरा युवक ने मदद की गुहार लगाई तो लोगों ने उसकी जान बचाई।

छत्तीसगढ़: बस्तर में आवागमन के कई रास्ते बंद
बस्तर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। तीन राज्यों से बस्तर का संपर्क टूट चूका है। सुकमा में भी हाल बुरा है। वहीं, चौथे दिन भी हैदाराबाद-जगदलपुर-रायपुर हवाई सेवा बंद रही।