Breaking News

हार से सपा में सन्नाटा-एसेंबली के सामने किया आत्मदाह का प्रयास

उत्तर प्रदेश में 18 वीं विधानसभा के गठन के लिए हुए चुनाव की मतगणना के पहले तक सरकार बनाने का दावा कर रही समाजवादी पार्टी मतों की गिनती के बाद सन्नाटे के साए तले पहुंच गई है। पार्टी की हार से बुरी तरह से निराश हुए सपा कार्यकर्ता ने राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने पहुंचकर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया और आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने उसे दबोचकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।

बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद आए परिणामों ने सत्ता में आने की उम्मीदें संजो रही समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका दिया है। मतों की गिनती शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश में चारों तरफ से भाजपा की जीत की खबर आने के साथ साथ सपा कार्यकर्ताओं में निराशा घर करती रही। सोशल मीडिया व अन्य संचार माध्यमों से लगातार मिल रही समाजवादी पार्टी की हार की जानकारी के बीच समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता दौड़ता हुआ राजधानी लखनऊ में विधानसभा के सामने पहुंचा और अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया। इसके बाद उसने माचिस से आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। इसी बीच सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की आत्मदाह कर रहे सपा कार्यकर्ता पर नजर पड़ गई। जिसके चलते पुलिस कर्मियों ने आत्मदाह का प्रयास कर रहे सपा कार्यकर्ता को दबोचकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।