Breaking News

सर्दी ने शुरू किया सितम, उत्तर भारत में बर्फबारी; दिल्ली-राजस्थान में ठंडी हवाओं ने छुड़ाई कंपकपी

दिंसबर महीने में सर्दी का सितम बढ़ गया है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड ने जीना दुश्वार कर दिया है। राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं ने लोगों को अपने घरों में कैद कर दिया है। उधर, राजस्थान के सीकर में तापमान माइनस में चले गया है। यहां खेत में पेड़ और पौधों पर ओंस जम गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कुछ हिस्सों में अभी शीतलहर की स्थिति बने रहने की उम्‍मीद है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फ से अटी सड़कें
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। उत्तर पश्चिमी भारत, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड प्रदेश में मौसम के करवट बदलते ही ठंड में इजाफा हो गया है। पहाड़ों में कुछ स्थानों पर तापमान गिरने के कारण झरने और नाले जमने लगे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में कंपकंपी बढ़ा दी है।

दिल्ली में सर्द हवाएं
राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। दिनभर में औसतन अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिन दिल्ली में सर्द हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली सुधार आया है। यह खराब श्रेणी में 291 अंक पर रहा।

कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप
कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के साथ ही घाटी में अधिकतर जगह रात के समय तापमान शून्य से नीचे है। कई जगहों पर बर्फबारी हो रही है।  मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, घाटी में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेलिसयस नीचे है।

राजस्थान में पेड़ पर जमी ओंस
राजस्थान के कई जिलों में मौसम विभाग ने 19 दिसंबर यानि रविवार से शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के उत्तरी भाग के जिलों चुरू, सीकर, झुंझुनू और हनुमानगढ़ में शीतलहर का प्रकोप है। ये पहली बार है जब राजस्थान के सीकर के फतेहपुर में तापमान माइनस में चला गया है। यहां पेड़ बर्फ से जम गए हैं।