Breaking News

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल ने लगाया बड़ा आरोप, टिकट के लिए मांगे जा रहे रिश्वत

कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल डॉक्टर प्रियंका मौर्य ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने प्रियंका गांधी के सचिव पर टिकट के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। प्रियंका मौर्या ने कहा है कि कांग्रेस में धांधली चल रही है। उन्होंने शुक्रवार को एक ट्वीट कर लिखा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं, पर टिकट नहीं पा सकी। प्रियंका मौर्य ने कहा कि मैं ओबीसी थी और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को घूस नहीं दे सकी। उन्होंने दावा किया है कि मेरे पास सबूत के तौर पर वीडियो है जो कल चैनल पर दिखेगा। प्रियंका मौर्य ने लिखा कि कांग्रेस में जातिवाद के कारण विधायक नरेश सैनी को पार्टी छोड़नी पड़ी। प्रियंका मौर्य ने कांग्रेस के भीतर धांधली का भी आरोप लगाते हुए कहा है कि इसके खिलाफ किसी की भी बोलने की हिम्मत नहीं है।

प्रियंका मौर्य ने बताया कि घूस नहीं देने पर सरोजनीनगर विधानसभा सीट से उन्हें टिकट नहीं मिला। प्रियंका गांधी ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं कैंपेन सिर्फ एक धांधली थी। लोग कहेंगे की टिकट नहीं मिला तो ऐसा कर रही हूं। उन्होंने बताया कि हमें तो 2024 की तैयारी करने को कहा जा रहा था। ज्ञात हो कि प्रियंका मौर्य कांग्रेस के कैंपेन लड़की हूं लड़ सकती हूं की अहम किरदार रही थीं। पोस्टर में प्रियंका मौर्य सबसे आगे दिखती हैं। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से जारी महिला घोषणा पत्र में भी प्रियंका पोस्टर गर्ल थीं। इसके बाद प्रियंका मौर्य को लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से टिकट का दावेदार माना जा रहा था। प्रियंका मौर्य को कांग्रेस पार्टी ने टिकट नहीं दे कर उनकी जगह रुद्र दमन सिंह को टिकट दिया है।

ज्ञात हो कि गुरुवार को कांग्रेस ने 125 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें वादे के मुताबिक 40 फीसदी महिलाओं को शामिल किया गया है। लिस्ट जारी होने के कुछ घंटे बाद ही डॉ. प्रियंका मौर्या ने ट्वीट कर टिकट बांटने में धांधली का आरोप लगाया था।