Breaking News

राज्यसभा सांसद राजीव सातव हार गये कोरोना से जिन्दगी की जंग

कोरोना को कहर लगातार जारी है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव सातव का रविवार को निधन हो गया है। राजीव सातव पिछले कई दिनों से कोरोना से जूझ रहे थे। 46 वर्षीय सातव 22 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव हुए थे। पाॅजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कई दिनों से उनकी तबियत लगातार बिगड़ती ही जा रही थी। राजीव कोरोना से रिकवर कर रहे थे। उनके स्वस्थ होने की स्थिति लगातार बनती जा रही थी। जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। रविवार को उनका निधन हो गया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजीव सातव के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि मुझे अपने दोस्त राजीव सातव को खोने का दुख है। वो विशाल क्षमता वाले नेता थे, जिन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को मूर्त रूप दिया था। ये हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। प्रियंका ने ट्वीट किया कि राजीव सातव के रूप में हमने अपना एक प्रतिभाशाली साथी खो दिया है। वो दिल के साफ, ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के लिए प्रतिबद्ध और भारतीयों के प्रति समर्पित थे। मेरे पास शब्द नहीं हैं। बस उनकी पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना हैं। उन्हें उनके बिना आगे बढ़ने की शक्ति मिले। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट पर लिखा निशब्द! आज एक ऐसा साथी खो दिया जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक साथ चले पर आज…राजीव सातव की सादगी, बेबाक मुस्कुराहट, जमीनी जुड़ाव, नेतृत्व और पार्टी से निष्ठा और दोस्ती सदा याद आएंगी। अलविदा मेरे दोस्त! जहां रहो, चमकते रहो!!