Breaking News

यूपी में नहीं थम रही है रेप की घटना, तीन लोगों ने महिला से रेप कर हाईवे किनारे फेंका

यूपी में एक बार फिर महिला सुरक्षा के दावों की पोल खुल गई है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ और गाजियाबाद के बीच एनएच-24 पर एक 30 वर्षीय महिला का किडनैप कर चलते ऑटो में गैंगरेप की वारदात हुई। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। कई घंटों तक दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पीड़िता को लेकर दरिंदे रात में दौड़ते रहे, मगर पुलिस को जरा भी भनक नहीं लगी। पीड़िता जैसे ही आरोपियों के चंगुल से छूटी सहायता के लिए हाईवे पर पुलिस के पास दौड़ पड़ी। सर्दी भरी और अंधेरी रात में पीड़िता अकेली ही घंटों तक दौड़ती रही।

 

वैसे तो दिल्ली-लखनऊ हाईवे काफी व्यस्त रहता है और हाईवे पर गाजियाबाद से लेकर हापुड़ तक पुलिस गश्त चलती रहती है। मगर इस वारदात ने महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोलकर सामने रख दी है। यह दिलदहलाने वाली घटना गुरुवार रात को हुई। नोएडा से डयूटी के बाद लौट रही एक महिला का तीन युवकों ने ऑटो में किडनैप कर लिया गया। अपहरणकर्ता उस महिला को गाजियाबाद के थाना मसूरी तक लेकर आ गए। उसके बाद उन दरिंदों ने बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया।

गैंगरेप के बाद पीड़िता को तीनों आरोपी हाईवे के पास गांव गालंद के बाहर छोड़ कर फरार हो गए। अंधेरी रात में अकेली युवती कई किलोमीटर तक हाईवे पर दौड़ती रही और मसूरी थाने तक पहुंच गई। मगर वहां की पुलिस ने उसकी कोई भी सुनवाई नहीं की। पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने बाद में हापुड़ जिले का केस बताकर उसे टरका दिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता पौने नौ बजे गाजियाबाद के एक मॉल से अपनी ड्यूटी खत्म कर किसी सहेली के साथ सम्राट चौक विजय नगर तक पहुंची थी। उसके बाद लालकुआं गाजियाबाद से जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो को लालकुआं से नीचे जाना था, मगर युवती को बदमाश उसे मसूरी बॉर्डर के पास एक रजवाहे में ले गए। जहां उसके साथ हैवानियत कर उसे हाईवे पर ही दरिंदे छोड़कर भाग गए थे।

इस वारदात में एसपी नीरज जादौन ने बताया है कि महिला की रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल करा दिया गया है। तीन लोगों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज किया गया है। इस मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।