Breaking News

पीएम मोदी की चंडीगढ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह करने की घोषणा पर भतीजे किरणजीत संधू ने जताया आभार

रिपोर्ट :- गौरव सिंघल,विशेष संवाददाता, दैनिक संवाद, सहारनपुर मंडल,उप्र:।।
सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज)। शहीद भगत सिंह के भतीजेे सरदार किरणजीत सिंह संधू ने चंडीगढ के अंतर्राज्यीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखे जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा पर हर्ष जताया और कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से पूरे देश और खासकर पंजाब में युवा वर्ग बेहद खुश और उत्साहित होगा। सहारनपुर नगर में आवास विकास कालोनी स्थित शहीद भगत सिंह आवास पर किरणजीत सिंह संधू ने कहा कि बीते रविवार को आल इंडिया रेडियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के तहत चंडीगढ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिह रखने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर भगत सिंह का जन्मदिन है। उस दिन पिता सरदार किशन सिंह संधू और माता विद्यावती कौर के यहां पंजाब के जिला नव शहर वर्तमान में शहीद भगत सिंह नगर के खटकडकला गांव में भगत सिंह का जन्म हुआ था। 23 मार्च 1931 को उन्हें अंग्रेजों द्वारा फांसी दे दी गई थी। सरदार किरणजीत सिंह संधू ने कहा कि वर्ष 2007 में सरदार भगत सिंह की जन्म शताब्दी मनाई गई थी तब उनकी स्मृति को सम्मान देने के लिए चंडीगढ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह किए जाने की मांग उठी थी। तत्कालीन पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधान सभाओं से इस आश्य के प्रस्ताव पारित कराकर केंद्र सरकार को भेजे थे लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह सरकार ने उसे स्वीकार नहीं किया। बाद में प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी ने भी इस फैसले को लेने में आठ साल लगा दिए।
लेकिन अंत भला सो भला। अभी हाल ही में पंजाब के नए मुख्यमंत्री सरदार भगवत सिंह मान और हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चैटाला ने फिर से चंडीगढ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह रखने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा। किरणजीत सिंह संधू ने आज रविवार को इस पुरानी मांग को पूरा करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रधानमंत्री का आभार जताया। वह बोले कि अमृत महोत्सव के दौरान केंद्र सरकार ने भारत मां के वीर सपूत और क्रांति के प्रयाय और युवकों में देशभक्ति की भावना पैदा करने वाले शहीद भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि भेंट की है। इससे देशभर के युवाओं के मन में नरेंद्र मोदी ने उत्साह भर दिया है। उन्होंने कहा कि 28 सितंबर को उनके पैतृक गांव खटकडकला में समारोह का आयोजन होगा। जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत सिंह मान रहेंगे। उन्हंे अभी यह मालूम नहीं है कि उस दिन चंडीगढ हवाई अड्डे पर कार्यक्रम आयोजित होगा या नहीं और हवाई अड्डे पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाई जाएगी।