Breaking News

पंजाब की माताओं-बहनों को 1000 रुपए देने की घोषणा से अकाली-कांग्रेस-भाजपा परेशान: अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा के उनके के द्वारा पिछले दिनों पंजाब के 18 साल से ऊपर की सभी लड़कियों और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हर महीने 1000 रुपए देने की घोषणा की पंजाब समेत पूरे देश में सराहना हो रही है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि सामाजिक सुरक्षा (सोशल सिक्योरिटी) के तहत हुई इस घोषणा से जहां पंजाब की महिलाएं खुश है, वहीं कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के नेता लगातार आम आदमी पार्टी को कोसने में लगे हैं।

रविवार को पार्टी मुख्यालय से जारी प्रेस बयान और वीडियो संदेश में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी घोषणा से पंजाब की सभी मां-बहन, दादी-नानी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास लोग लगातार फोन कर रहे हैं और प्रसन्नतापूर्वक इसकी तारीफ कर रहे हैं। लेकिन महिला सशक्तिकरण की दुनिया की सबसे बड़ी इस योजना से कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा की नींद हराम हो गई है। उन्होंने कहा कि इस घोषणा के बाद मुझे अकाली,कांग्रेस और भाजपा के नेता लगातार गालियां दे रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर लूट का आरोप लगाते हुए कहा की पिछली सरकारों के नेताओं ने जनता के पैसों को लूट कर अपना घर भरा। इन्हीं नेताओं ने पंजाब का खजाना खाली किया। हम इनके लूट के पैसों को बचा कर अपनी माताओं बहनों को हर महीने एक हजार रुपए देंगे।

केजरीवाल ने अकाली-कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अपनी माताओं-बहनों को सशक्त बनाने के लिए 1000 रुपए हर महीने देने से पंजाब का खजाना खाली नहीं होगा। पंजाब का खजाना वर्तमान और पिछली सरकारों में व्याप्त भ्रष्टाचार और लूट के कारण खाली हुआ है। हम उस लूट को खत्म करेंगे और उसी पैसे से अपनी माताओं और बहनों को सशक्त बनाएंगे। उन्होंने पंजाब के लोगों से विनती करते हुए कहा कि अब आप अगली बार जब भी गुरुद्वारा या मंदिर जाएं तो मेरे लिए भी प्रार्थना कर लें।

मालूम हो कि पिछले दिनों पंजाब दौरे पर आए अरविंद केजरीवाल ने अपनी तीसरी गारंटी के तहत पंजाब के अट्ठारह वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए देने की घोषणा की थी। अगर किसी घर में एक से ज्यादा महिलाएं हैं तो सभी को प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलेंगे। यदि किसी महिला को वृद्धा पेंशन या विधवा पेंशन पहले से मिल रहा है तो उन्हें या राशि उसके अतिरिक्त मिलेगी।