Breaking News

निक्की यादव मर्डर केस में बड़ा खुलासा, साहिल से हुई थी शादी, हत्या की साजिश में शामिल था प्रेमी का परिवार

निक्की यादव हत्याकांड (nikki yadav murder case) में शुक्रवार को एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, साहिल और निक्की ने एक अक्टूबर 2020 को ही नोएडा के आर्य समाज मंदिर में शादी (Marriage) कर ली थी। साहिल (Sahil) का परिवार इससे खफा था। उन्होंने साहिल पर दबाव बनाया और निक्की की हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने शुक्रवार को साहिल के पिता विरेंद्र, दो चचेरे भाई आशीष और नवीन के अलावा दो दोस्त अमर और लोकेश को गिरफ्तार किया है। पांचों को मदद करने, सबूतों से छेड़छाड़ करने और हत्या की साजिश रचने के आरोप में पकड़ा है। साहिल से पूछताछ में पता चला कि साहिल के पिता, दोस्तों और भाइयों को हत्या की जानकारी थी। पांचों ने न केवल निक्की के शव को छिपाने में मदद की, बल्कि उन पर साजिश रचने का भी आरोप है।

लोकेश और अमर ने साहिल की शादी के बाद उसके भागने और पुलिस के घर आने से संबंधित जानकारी बताई थी। इस मामले में अब तक छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके अलावा पुलिस को कश्मीरी गेट से एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी हाथ लगा है। इसमें निक्की और साहिल गाड़ी में दिख रहे हैं। फुटेज में 10 फरवरी की सुबह 10 बजे तक निक्की जिंदा दिख रही है, जबकि साहिल पुलिस को बयान दे रहा था कि उसने सुबह 4 बजे ही निक्की की हत्या कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस साहिल को लेकर निक्की के घर पहुंची और क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया।

सुबह 10 से 11 बजे के बीच हुआ था कत्ल
साहिल ने शुरू में बताया था कि वह निक्की को उसके घर से लेकर निकला था और सुबह करीब 4 बजे उसकी हत्या की थी। हत्या के समय को लेकर पुलिस और पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर एकमत नहीं हो पा रहे थे, क्योंकि शव को फ्रिज में रखने के चलते हत्या का सही समय पता नहीं चल पा रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने इसका खुलासा किया है। निक्की की हत्या 10 फरवरी को तड़के चार बजे नहीं बल्कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच की थी।

दो और लोगों से पूछताछ करेगी दिल्ली पुलिस
पुलिस ने साहिल के दो और जानकारों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। दोनों से पूछताछ कर पता लगाया जाएगा कि शव को फ्रिज में रखने के बाद साहिल किस के साथ और कहां गया था। साहिल अपने हनीमून पर जाने की तैयारी में था और शव को सूटकेश में रखकर हिल स्टेशन ले जाना चाहता था, ताकि वहां हत्या को दुर्घटना के रूप में बदल सके। इसके लिए साहिल ने जिस से मदद मांगी थी, पुलिस इसके संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। इसके बाद पुलिस के हाथ अहम लगेंगे।