Breaking News

देश के 10 जिलों में हैं 50 फीसदी कोरोना केस , मौत के मामले में तीसरे स्थान पर भारत

भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण हालात तेजी से ख़राब हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में दुनिया में सबसे अधिक 89 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित भारत में ही मिले हैं। वहीं 714 लोगों ने एक दिन में कोरोना वायरस से मौत हो गई है। दुनिया में अब तक हुई मौतों के केस में भारत तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है। देश में एक दिन में सबसे अधिक 97 हजार नए केस 17 सितंबर को मिले थे और 4 नवंबर को सबसे ज्यादा 702 लोगों की कोरोना से जान चली गई थी। ब्राजील में बीते एक दिन में 69,662 और अमेरिका में 69,986 नए केस मिले हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में 89,129 संक्रमित मिले। इनमें 81.42 फीसदी केस आठ राज्यों के हैं जहां हालात सबसे अधिक गंभीर हैं। साथ ही 44,202 मरीज स्वस्थ भी हुए। साथ ही देश के कुल संक्रमितों की संख्या 1,23,92,260 हो गई जिनमें 1,64,110 लोगों की जान चली गई। वहीं, 1,15,69,241 लोग स्वास्थ्य हो चुके हैं। 24 दिनों से संक्रमितों की बढ़ती संख्या की वजह से देश में एक्टिव मरीज भी बढ़कर 6,58,909 हो चुके हैं।

यह कुल वायरस का 5.32 फीसदी है। वहीं ठीक होने वालों की दर गिरकर 93.36 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे पहले 12 फरवरी को सबसे कम एक्टिव केस 1,35,926 थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तर परदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा खराब हालात हैं।

बीते एक दिन में वायरस दर सात फीसदी तक पहुंच गई है। जबकि, कोरोना जांच के आंकड़ों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। शुक्रवार को 10.46 लाख नमूनों में 89 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश के कुल एक्टिव मामलों में 50 फीसदी दस जिलों में हैं। ये जिले हैं, पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नाशिक, बंगलूरू शहरी, औरंगाबाद, दिल्ली, अहमदनगर और नांदेड़। वहीं एक्टिव मामलों में महाराष्ट्र में बीते दो महीनों में 9 गुना बढ़ोतरी हुई है।

कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में भारत में 7.3 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। शनिवार सुबह तक 7,30,54,295 टीके की डोज लोगों को दी जा चुकी हैं। इसमें छह करोड़ पहली खुराक और लगभग 1 करोड़ दूसरी डोज शामिल हैं। वहीं आईपीएल पर कोरोना का संकट मंडराने लगा है। दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल शनिवार को कोरोना संक्रमित हो गए हैं। मुंबई स्थित वानखेडे़ स्टेडियम के 10 कर्मचारी भी पॉजिटिव मिले हैं।

नए केस बढ़ने के साथ ही एक बार फिर से संक्रमित होने के केस में भी देश की स्थिति बहुत गंभीर है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक अब तक देश में साढ़े चार फीसदी मरीज दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। वैश्विक स्तर पर एक फीसदी मरीज में ही फिर से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।