Breaking News

दिन निकलते ही सहारनपुर जनपद के गंगोह में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या, हत्यारे और हत्या का कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी

रिर्पोट :- गौरव सिंघल,वरिष्ठ संवाददाता,दैनिक संवाद,सहारनपुर मंडल। सहारनपुर जिले के थाना गंगोह के गांव भोगीवाला में दो सगे भाइयों 50 वर्षीय पुन्नू और 46 वर्षीय लिल्लू की बृहस्पतिवार तड़के अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतको के शरीर पर धारदार हथियारों के घाव के निशान भी मिले। हत्या का कारण और हत्यारे अभी अज्ञात हैं। मौके पर पहुंचे एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड के खुलासे के लिए सर्विलांस, फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड की सहायता ले रही है। दोनों भाई पास के गांव मेनपुरा के निवासी थे। दोनों भाइयों ने अपने गांव से एक-डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर गांव भोगीवाला में अपने खेतों पर अपने पितरों के देवस्थान बनाए हुए थे। जहां वे रोज तड़के उनकी पूजा करने जाया करते थे।
आज भी करीब सुबह 5 बजे दोनों भाई बाइक से अपने पितरों के स्थान पर पहुंचे लेकिन जब कुछ घंटे बाद भी वे दोनों घर वापस नहीं लौटे तो उनका तीसरा भाई मुन्नू मौके पर गया। जहां उसने अपने दोनों बड़े भाइयों के गोली लगे शव पड़े देखे। उसकी सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। एसपी देहात व सीओ  गंगोह रिजवान अहमद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस के मुताबिक इस लोमहर्षक घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। पुलिस को परिजनों ने बताया कि मृतक दोनों भाई तांत्रिक तो नहीं थे। लेकिन खेती-किसानी के अलावा झाड़-फूंक, टोना टोटका का काम भी करते थे। गंगोह विधायक किरत सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीडि़त परिवार को घटना के खुलासा करने का भरोसा दिलाया। खबर लिखे जाने तक मृतक दोनों भाइयों के शव खेत में ही पड़े हुए थे और एसएसपी आकाश तोमर भी मौके पर ही मौजूद थे।