Breaking News

कोरोना के बढ़ते मामले से बढ़ी चिंता, विश्व में 17वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा भारत

देश में कोरोना के नए मरीजों की तेजी से बढ़ रही संख्या ने चिंता बढ़ा दिया है। प्रतिदिन के बढ़ते आंकड़ों से भारत 17वें स्थान से उछलकर पांचवें स्थान पर पहुंच गया। रोजाना सर्वाधिक मरीजों के अनुपात से केवल चार देश अमेरिका, ब्राजील, इटली और फ्रांस ही भारत से आगे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटों में कुल 17,407 नए मामल कोरोना के मिले। पिछले करीब एक महीने में एक दिन में मिलने वाले कोरोना मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले 29 जनवरी को वायरस के 18,855 नए मामले सामने आए थे। इस तरह देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1,11,56,923 हो गई, जबकि 89 और कोरोना मरीजों की मौत से महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1,57,435 हो गई। वैश्विक स्तर पर दो-तीन दिन से ब्राजील में नए मरीज अमेरिका से भी अधिक आ रहे हैं। बुधवार को ब्राजील में दुनियाभर में सर्वाधिक 74,376 नए मरीज मिले। अमेरिका में यह संख्या 66,879 रही।


नए मरीजों वाले शीर्ष पांच देश
देश नए मरीज
अमेरिका 59515
ब्राजील 52885
फ्रांस 19659
इटली 17437
भारत 15435
स्रोत-वल्र्डाेमीटर

दुनियाभर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11.57 करोड़ से ज्यादा हो चुका है। इसमें से 9 करोड़ 14 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से 25.7 लाख से ज्यादा लोगों को जान गंवाई है। दुनियाभर में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या करीब 2.18 करोड़ है।
देश कुल सक्रिय मरीज
अमेरिका 40.8
फ्रांस 15.5
ब्रिटेन 04.5
ब्राजील 3.6
बेल्जियम 3.2
भारत 0.7    प्रतिशत में

भारत में कोरोना महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या में कमी हो रही है। सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या के मामले में भारत 13वें स्थान पर है। गुरुवार को 3287 मरीजों के बढ़ने से कुल मरीजों की संख्या 1,73,413 हो गई। यह संख्या कुल संक्रमितों की 1.55 प्रतिशत है। कोरोना से ठीक होने की दर 97.03 रह गई है। सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.55 प्रतिशत हो गई है जबकि मृत्युदर अभी 1.41 फीसदी है।
कुछ राज्यों में मिल रहे कोरोना के मरीजों ने एक बार फिर चिंता को बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक में कोविड-19 के मामलों में ज्यादा बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों के 85.51 प्रतिशत मामले हैं। पंजाब और मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में उपचाराधीन मामले बढ़े हैं। मरीजों का बढ़ना संक्रमण में तेजी को दर्शाता है। 24 घंटों में केरल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार और असम में उपचाराधीन मामलों की संख्या में गिरावट आई है। महाराष्ट्र और केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या ज्यादा है। महाराष्ट्र पहले और केरल दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 6559 लोगों के स्वस्थ होने से अभी तक कुल 20.43 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। केरल में अब तक 10.16 लाख से अधिक लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।