Breaking News

अभिनेता राज बब्बर की सपा में वापसी की तैयारियां तेज, कांग्रेस को फिर लगेगा झटका

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में भगदड़ के साथ सभी सियासी दलों में दलबदल तेज हो गयी है। समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस और बसपा छोड़कर जाने और आने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में जाने के बाद कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में एक और बड़ा झटका लगने वाला है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और अभिनेता राज बब्बर एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल होने की हवा तेज हो गयी है। बताया जा रहा है कि जल्द ही वह सपा में घर वापसी करेंगे।

 

सपा के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने सोशल मीडिया ऐप पर इशारा करते हुए लिखा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष , पूर्व समाजवादी नेता, अभिनेता जल्दी ही समाजवादी होंगे। कांग्रेस प्रवक्ता ने जो तीन इशारे किए हैं वे सभी राज बब्बर की ओर संकेत कर रहे हैं। राजबब्बर की सपा में वापसी के बाद चुनावी रणनीति में सपा को मजबूती मिलेगी तो कांग्रेस और बिखरती जाएगी।

 

ज्ञात हो कि राज बब्बर ने राजनीतिक कॅरिअर की शुरुआत जनता दल से की थी। 5 साल तक जनता दल के साथ रहने के बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। 1994 में सपा ने राज बब्बर को राज्यसभा भेजा तो 2004 में सपा के टिकट पर ही जीतकर पहली बार लोकसभा पहुंचे। 2006 में उन्होंने सपा से नाता तोड़ लिया और करीब दो साल बाद 2008 में कांग्रेस का दामन थाम लिया था।

2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर फिरोजबाद सीट से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। यह उनकी बड़ी जीत थी। 2014 में कांग्रेस ने उन्हें गाजियाबाद सीट से जनरल वीके सिंह के खिलाफ उतारा था लेकिन राज बब्बर को हार का सामना करना पड़ा। 2016 में उन्हें यूपी कांग्रेस की कमान दी गई थी। राज बब्बर यूपी के टुंडला के रहने वाले हैं। उन्होंने बॉलिवुड की 250 से अधिक फिल्मों में काम किया, जिनमें कई सुपरहिट हुईं। राज बब्बर वर्तमान में कला फिल्मों में सक्रिय हैं।