Breaking News

मुकेश अंबानी बने दादा, आकाश और श्लोका के घर बेटे का जन्म

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी दादा बन गये हैं। उनके बेटे आकाश अंबानी की पत्नी श्लोका ने गरुवार की सुबह 11 बजे बेटे को जन्म दिया। अंबानी परिवार के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि भगवान कृष्ण की कृपा से श्लोका और आकाश अंबानी आज माता-पिता बन गये। उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। मुकेश अंबानी और नीता अंबानी पहली बार दादा-दादी बनकर बहुत खुश हैं। नये सदस्य के आने से मेहता और अंबानी परिवार खुशी से झूम रहा है।

आकाश और श्लोका की शादी पिछले साल मार्च में हुई थी। आकाश और श्लोका स्कूल फ्रेंड रहे हैं। दोनों की स्कूलिंग धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से हुई। श्लोका ने लंदन स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से लॉ में मास्टर्स डिग्री कंप्लीट की थी। श्लोका सोशल वर्कर भी हैं। उन्होंने 2015 में कनेक्ट फॉर नाम से एनजीओ शुरू किया था, जो कि जरूरतमंदों को शिक्षा, भोजन और घर उपलब्ध कराता है। आकाश और श्लोका का प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन स्विट्जरलैंड के सेंट मॉरिट्ज में रखा गया था जो तीन दिन तक चला था। इसमें तमाम बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस ने पिछले साल करीब 620 करोड़ रुपये में ब्रिटेन के खिलौना ब्रांड हैमलेज ग्लोबल होल्डिंग्स लिमिटेड को खरीदा था। तब लोग सोशल मीडिया पर मजाक कर रहे थे कि मुकेश अंबानी अपने आने वाले नये मेहमान के लिए पहले से ही खिलौने इकट्ठे कर रहे हैं।