Breaking News

जिस जेल में बंद है कुख्यात ददुआ डकैत उसी में बैरक नंबर 15 में रहेगा मुख्‍तार अंसारी

पंजाब के रोपड़ जेल (Ropar Jail) में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी (Mafia Don Mukhtar Ansari) को यूपी में लाने के बाद बांदा जेल की बैरक नंबर-15 (Barrack Number 15) में रखा जाएगा। मुख्तार अंसारी के आने से पहले जेल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। सीसीटीवी सहित अन्य सुरक्षा के यंत्रों को दुरुस्त कर दिया है। अहम बात यह है कि बांदा जेल में काफी बड़े माफिया सजा काट चुके हैं। साथ ही अभी भी इस जेल में खतरनाक अपराधी सजा काट रहे है।

डकैत ददुआ, बलखड़िया, गौरी यादव और संग्राम सिंह समेत कई डकैत इस जेल में बंद हैं। इन लोगों पर सैकड़ों आपराधिक केस दर्ज हैं। खबर है कि माफिया मुख्तार को बांदा जेल लाने से पहले आईजी, डीएम आनंद कुमार सिंह और एसपी डॉ. एसएस मीणा ने पुलिस बल के साथ जेल परिसर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरिक्षण किया। जेल बाउंड्रीवॉल पर हर 10 से 15 फिट की दूरी पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, साल 2017 में मुख्तार अंसारी को बांदा जेल में ही लाया गया था। उसी समय उसे 15 नंबर बैरक में रखा गया था। बांदा जेल की यह बैरक सबसे ज्यादा सुरक्षित है। इस बार भी मुख्तार अंसारी को बैरक नंबर 15 में रखा जाएगा।

पंजाब के रोपड़ जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की भारी-भरकम टीम बस कुछ ही देर में निकल जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 6 बजे के बाद पंजाब पुलिस मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप देगी। सड़क मार्ग से मुख़्तार अंसारी को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस कड़ी सुरक्षा में बांदा जेल के लिए रवाना हो जाएगी।

अनुमान है कि 16 घंटे में मुख़्तार अंसारी 882 किमी की दूरी तय कर बांदा जेल पहुंचेगा। इससे पहले सोमवार को दो सीओ और 100 पुलिसकर्मियों की भारी-भरकम पुलिस टीम बांदा से पंजाब के रोपड़ जेल के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह 4 बजे के लगभग उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम रोपड़ पुलिस लाइन पहुंची। बताया जा रहा है कि यदि उत्तर प्रदेश पुलिस 6 बजे के बाद रोपड़ जेल पहुंचती है तो कागजी कार्रवाई के बाद उसे सौंपेंगी।