Breaking News

अगले दो दिन तेजी से गिरेगा तापमान, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उत्तर भारत में मौसम में तेजी से बदलाव आया है। यहां पर मौसम की गतिविधियां कम होने के कारण कई राज्यों में बारिश हुई है। तो वहीं, आने वाले समय में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार से ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों हल्की बूंदाबांदी हुई है लेकिन अब मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र समेत छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में 14 दिसंबर को बारिश हो सकती है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगले 24 घंटों से 36 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर समेत पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठिठुरन और ज्यादा बढ़ने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिमोत्तर भारत में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होगी। यहां पर न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे जाएगा। अगले दो दिनों में मध्य एवं पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में किसी भी तरह का बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन इन इलाकों में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट साफ देखने को मिलेगी। जिस वजह से लोगों को कोहरे की मार भी झेलने पड़ेगी। 14 और 15 दिसंबर को राज्यों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा दिल्ली में ठंडी हवाएं आने लगी है। 14 दिसंबर से बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 14 से 16 दिसंबर तक दिन में अच्छी खासी ठंड महसूस हो सकती है।

राजस्थान और हिमाचल पर कड़ाके की ठंड
देश के पहाड़ी इलाके भी शीत लहर की चपेट में आ गए है। हिमाचल प्रदेश में बर्फिली हवाएं चलने लगी है। बर्फबारी के बाद कई इलाकों में मोटी-मोटी बर्फ जम गई है। कोठी और गोंडला में 30-30 सेंटीमीटर बर्फबारी हो चुकी है। इसी तरह केलोंग में 12 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, कल्पा में 7.5 सेंटीमीटर और डलहौजी में 4 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से आने वाले दिनों में तमाम राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। जिससे पारा और ज्यादा गिरेगा। राजस्थान में 15 दिसंबर के बाद पारा 4 डिग्री तक गिरेगा। यूपी और बिहार में भी बारिश की संभावना है। जिससे यहां पर मौसम बदलेगा। इसके अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश के साथ कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।