Wednesday , February 26 2025
Breaking News

देश के कई हिस्सों में बारिश के आसार, भीषण शीत लहर और घने कोहरा की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department – IMD) ने दक्षिण पश्चिमी बंगाल की खाड़ी (South Western Bay of Bengal) के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र के बनने की सूचना दी है। इसके अगले 12 घंटों में उत्तर-पश्चिमी दिशा में तमिलनाडु (Tamil Nadu) और दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट (Southern Andhra Pradesh coast) की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह 24 घंटों में आंध्र प्रदेश तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ सकता है। इसके कारण कई इलाकों में बारिश हो सकती है। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण से ठंड की स्थिति बढ़ सकती है। कई इलाकों में ठंडी हवा चलने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ों पर अगले कुछ दिनों तक भारी बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके अलावा, उत्तर तमिलनाडु, पुदुचेरी और रायलसीमा में भी हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि 20 और 21 दिसंबर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 से 23 दिसंबर के बीच असम और मेघालय में वर्षा की पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0°C से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1-6°C के बीच बना हुआ है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.6°C दर्ज किया गया है, जो देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम है।

शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 23 दिसंबर तक शीतलहर की स्थिति का अनुमान लगाया है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी 25 दिसंबर तक शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। पंजाब और हरियाणा में 20 दिसंबर और 22-24 दिसंबर को घने कोहरे का अनुमान लगाया गया है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 20 से 22 दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना है।