Breaking News

Vande Bharat Express अब भगवा रंग में आएगी नजर, रेलमंत्री बोले- तिरंगे से ली प्रेरणा

वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express ) अब नए रंग रूप में नजर आएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnav) ने शनिवार को देश को इसकी पहली झलक दिखाई। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर नई वंदे भारत की कई तस्वीरें साझा कीं। नए रूप में वंदे भारत में केसरिया, सफेद और काले रंग का सम्मिश्रण दिखेगा। अभी इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन (semi-high-speed train) का रंग नीला और सफेद है। रेल मंत्री चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) पहुंचे थे। रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि केसरिया रंग तिरंगे से प्रेरित (inspired by Tricolour) है।

रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि अबतक वंदे भारत ट्रेन में 25 से ज्यादा सुधार किए गए हैं। मंत्री वैष्णव ने इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उत्पादन और अन्य तकनीकी विषयों पर बातचीत की। आईसीएफ ने 2018-19 में देश को पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने नई दिल्ली से वाराणसी के बीच इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। अक्तूबर, 2022 के दूसरे सप्ताह के दौरान, आईसीएफ ने 1955 में अपनी स्थापना के बाद से 70,000 से अधिक कोच बनाने का गौरव हासिल किया, जो दुनिया में किसी भी यात्री कोच निर्माता की ओर से सबसे अधिक है।

नई भगवा वंदे भारत एक्सप्रेस हालांकि अभी तक चालू नहीं हुई है और वर्तमान में चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में खड़ी है, जहां वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जाता है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के कुल 25 रेक अपने निर्धारित मार्गों पर परिचालन कर रहे हैं और दो रेक आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि इस 28वें रेक का रंग परीक्षण के तौर पर बदला जा रहा है।

धरोहर स्थलों को जोड़ने वाली विशेष ट्रेन का किया अनावरण
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को एक विशेष ट्रेन का अनावरण किया, जो देश भर के धरोहर मार्गों पर चलाई जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने यहां एमजीआर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर स्टीम लोको ट्रेन के रूप में संशोधित एक ट्रेन का निरीक्षण करने के बाद कहा कि विरासत मार्गों पर ऐसी और ट्रेनें शुरू की जाएंगी।