Breaking News

UP Chunav 2022: बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट कटा, कल निर्दलीय नामांकन करने की घोषणा

भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद बलिया जिले में सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा ने बलिया की सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। सबसे आश्चर्यजनक रहा जिले के फायरब्रांड नेता एवं विवादित बयानों से सुर्खियों में रहने वाले बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट कटना। अब बैरिया विधानसभा से राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला किस्मत आजमाएंगे।

बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह पहले ही चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने फेसबुक पर लिखा है कि वह आठ फरवरी को निर्दलीय नामांकन करेंगे।  सुरेंद्र सिंह का टिकट कटना बड़ी घटना मानी जा रही है। कुछ दिनों पहले तक पार्टी की ओर से कराए गए आंतरिक सर्वे में विधायक सुरेंद्र सिंह की सीट ही सुरक्षित दिखाई जा रही थी।


बलिया नगर और बैरिया बना हॉट सीट
अब उनका टिकट कटने से कई तरीके की चर्चाओं ने जन्म ले लिया है। बैरिया से मंत्री आनंद को टिकट मिलने के बाद सोशल मीडिया पर आवाजें उठनी शुरू हो गई है। लोग इस सीट से सुरेंद्र सिंह को ही चुनाव लड़ने की अपील कर रहे हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो बागी बलिया में एक बार फिर से सियासी बगावत के स्वर ऊंचे हो रहे हैं।

 न सिर्फ बैरिया सीट बल्कि बलिया नगर सीट पर भी इसी तरह की स्थिति है। बलिया नगर सीट नागेंद्र पांडेय ने भी निर्दलीय नामांकन करने की घोषणा की है। बलिया नगर सीट पर दयाशंकर सिंह के आने से भी राजनीतिक हलचल तेज हो चली है। बैरिया और बलिया नगर में अब सपा कौन सा दांव चलेगी, इस पर सभी की नजर टिकी है।