Breaking News

UP के Farrukhabad में पति की मौत के बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी दोनों की अर्थी… रो पड़ा पूरा गांव

मोहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के गांव नवादा सिरोली में वृद्ध दंपति अगाध प्रेम की अमित छाप छोड़ गए है। पति की मौत के दो घंटे के भीतर पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। नतीजतन दोनों की अर्थी साथ उठाई गई।पति-पत्नी के बीच अगाध प्रेम की चर्चा हर जुबान पर है।

मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी जगराम सिंह कश्यप (80) और उनकी पत्नी मुन्नी देवी (75) के बीच अगाध प्रेम था। सोमवार को जगराम की स्वभाविक मौत हो गई। जिसे देख कर उनकी पत्नी मुन्नी देवी अथाह गम के सागर में डूब गई। उसने पति के सीने पर सिर रख लिया। जब काफी देर तक मुन्नी देवी नहीं उठी तो उसके बड़े पुत्र रघुवीर सिंह ने उठाया तब पता चला कि उसकी मां भी पिता के साथ स्वर्ग सिधार गई।

रघुवीर सिंह ने बताया कि उसके दो भाई तथा तीन बहने हैं। इन सब मे वह सबसे बड़ा है। रघुवीर ने बताया कि पापा और मम्मी के बीच बहुत प्रेम था। एक पल दोनों एक दूसरे से जुदा नहीं होते थे। दोनों हनुमान जी के अनन्य भक्त थे।

प्रेम इतना था कि मम्मी अगर मायके जाती तो पापा भी उनके साथ ही जाते थे। अब दोनों का अंतिम-संस्कार एक साथ किया जाएगा। पति के गम में पत्नी का दम तोड़ना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वृद्ध दंपति की एक साथ मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। लेकिन हर कोई इनके प्रेम की अकथ कहानी पर स्तब्ध है।