Breaking News

“देश ने एक महान सपूत खोया है”…डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शाहनवाज हुसैन बोले- उनका जाना बड़ी क्षति

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। भारत सरकार ने सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेता दुख व्यक्त कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

“मनमोहन सिंह जी का जाना देश के लिए बड़ी क्षति”
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, “मनमोहन सिंह जी का जाना देश के लिए बड़ी क्षति है। वे बहुत बड़े अर्थशास्त्री थे, देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा काम किया था… हर ईद की मिठास वे मेरे साथ बांटते थे। उनका जाना मैं व्यक्तिगत क्षति मानता हूं। देश ने एक महान सपूत खोया है।”

बता दें कि गुरुवार को अचानक डॉ. मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली एम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से लेकर 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह भारत के वित्त मंत्री और वित्त सचिव भी रह चुके हैं। उनके निधन के बाद 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।