Breaking News

LIC लाया है महिलाओं के लिए यह खास पॉलिसी, जानें इससे जुड़ी जानकारी

आज के तेजी से बदलते युग में हर कोई इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदना चाहता है। इसका लक्ष्य निवेश, स्वास्थ्य और लाइफ कवर होता है। हालांकि, हर व्यक्ति की जरूरत और प्राथमकिता अलग-अलग होती है। इसी वजह से सबके लिए एक पॉलिसी कारगर सिद्ध नहीं होती है। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) विभिन्न वर्ग के लोगों की जरूरतों के हिसाब से समय-समय पर इंश्योरेंस पॉलिसी पेश करता है। LIC की Aadhaar Shila Plan एक ऐसी ही योजना है, जिसे कंपनी खासकर महिलाओं के लिए लेकर आई है। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है यह योजना ऐसी महिलाओं के लिए है, जिनके पास आधार कार्ड है।

आइए इस प्लान से जुड़ी विस्तृत जानकारी पर डालते हैं एक नजर

  • LIC ने इस प्लान को एक फरवरी, 2020 को लांच किया था।
  • यह पॉलिसी सेविंग के साथ-साथ लाइफ कवर भी उपलब्ध कराती है।
  • इस पॉलिसी के मेच्योर होने पर पॉलिसी होल्डर को एकमुश्त राशि मिल जाती है।
  • हालांकि, पॉलिसी होल्डर की मौत होने पर परिवार को सहायता राशि मिलती है।

कौन ले सकता है ये पॉलिसी

इस योजना में निवेश के लिए न्यूनतम आयुसीमा आठ वर्ष है। अधिकतम 55 साल की महिला इस पॉलिसी को ले सकती है। वहीं, मेच्योरिटी के समय पॉलिसीहोल्डर की उम्र 70 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। पॉलिसी का टर्म 10 से 20 वर्ष होता है।

कितने सम-एश्योर्ड की ले सकते हैं पॉलिसी

इस स्कीम को कम-से-कम 75,000 रुपये के सम एश्योर्ड के साथ लिया जा सकता है। वहीं, अधिकतम सम एश्योर्ड तीन लाख रुपये हो सकती है।

प्रीमियम का भुगतान

इस प्लान के तहत प्रीमियम का भुगतान वार्षिक, छमाही, तिमाही या मासिक आधार पर किया जा सकता है। आप चाहें तो अकाउंट से ऑटो डेबिट का ऑप्शन भी पॉलिसी टर्म तक के लिए रख सकते हैं।

क्या है एक्सपर्ट की राय

LIC की आधारशिला प्लान के बारे में सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार जितेंद्र सोलंकी ने कहा कि आम तौर पर ट्रैडिशनल प्लान पर रिटर्न बहुत अधिक नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह है कि इसकी लागत अधिक होती है, इस कारण से इस पर बहुत अधिक रिटर्न भी नहीं मिलता है और ना ही बहुत अधिक वैल्यू का लाइफ कवर मिलता है। हालांकि, ऐसे निवेशक जो बिल्कुल भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं, वे इस योजना में निवेश कर सकते हैं।