Breaking News

IPL 2022: कप्तानी संभालते ही महेंद्र सिंह धोनी ने तोड़ा राहुल द्रविड़ का अनोखा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले कप्तान बने

महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में एक बार फिर से आईपीएल में एंट्री हुई है। धोनी ने 15वें सीजन के शुरू होने से पहले सीएसकी कप्तानी छोड़ दी थी और रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपी थी। हालांकि जडेजा कप्तानी का दबाव नहीं झेल पाए और उनकी अगुआई में टीम को 8 में 6 मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा। लेकिन धोनी ने एक बार फिर से सीएसके की बागडोर अपने हाथों में ले ली है। धोनी के कप्तान बनते ही चेन्नई एक्सप्रेस ने जीत की रफ्तार पकड़ ली और सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रनों से हराकर सीजन की अपनी तीसरी जीत हासिल की।

हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में बतौर कप्तान मैदान पर उतरते ही धोनी ने राहुल द्रविड़ का एक अनोखा रिकॉर्ड तोड़ दिया। धोनी अब टी20 क्रिकेट में किसी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। माही ने 40 साल और 298 दिन की उम्र में एक बार फिर से सीएसके की कमान अपने हाथों में ली। धोनी से पहले यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था, जिन्होंने 40 साल और 268 दिन की उम्र में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी। अन्य भारतीयों में सुनील जोशी (40 साल, 135 दिन), अनिल कुंबले (39 साल 342 दिन) और सौरव गांगुली (39 साल और 316 दिन) शामिल हैं।