Breaking News

DGP का बड़ा खुलासा, सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद सलमान खान की करवाई थी लारेंस बिश्नोई ने रेकी

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले को लेकर पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बड़ा खुलासा किया है।यादव ने कहा कि शूटर दीपक मुंडी को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल, पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त आपरेशन में उसके दो साथियों सहित नेपाल व बंगाल के बार्डर से काबू किया गया। अन्य दो आरोपितों में कपिल पंडित व राजिंदर उर्फ जोकर शामिल हैं। दोनों आरोपी नेपाल से दुबई भागने की फिराक में थे। डीजीपी ने खुलासा किया कि मूसेवाले की मौत के बाद इनके निशाने पर बालीवुड अभिनेता सलमान खान थे।

सलमान खान की हुई रेकी
लारेंस बिश्नोई के कहने पर दीपक व एक अन्य आरोपित ने उनकी रेकी की थी। गौरव यादव ने कहा कि मूसेवाला मर्डर केस में अब तक 23 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले में 33 लोग नामजद हैं। दो आरोपितों की मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते पंजाब की डीजीपी गौरव यादव।

शूटर दीपक मुंडी अदालत में पेश, पुलिस को मिला 7 दिन का रिमांड
नेपाल बार्डर से दो साथियों के साथ गिरफ्तार किए गए शूटर दीपक मुंडी को पंजाब पुलिस ने रविवार को मानसा की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसका 7 दिन का रिमांड हासिल किया है।

गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला की गत 29 मई को हत्या हुई थी। हत्याकांड में बोलेरो व कोरोला गाड़ियों का इस्तेमाल हुआ था। दीपक मुंडी बोलेरो माड्यूल का हिस्सा था, जिसे हरियाणा के शूटर प्रियव्रत फौजी ने लीड किया था। अंकित सेरसा और कशिश भी इनके साथ थे। कपिल पंडित और राजिंदर जोकर ने गैंगस्टरों के छिपने व हथियार उपलब्ध करवाने में मदद की थी। मूसेवाला की हत्या करने के बाद चारों गुजरात भाग गए थे। वहां से अंकित व मुंडी आगे भाग गए थे। सेरसा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया था। तब मुंडी भाग गया था। बिश्नोई के भाई अनमोल को केन्या और भांजे सचिन को अजरबैजान में हिरासत में लिया गया था।