Breaking News

Covid-19 Vaccination: दिल्ली के दरियागंज में शुरू हुआ ड्राई रन, देश के 116 जिलों में इंतजाम

देश में अब कोरोना वैक्सीन आ चुकी है और लोगों तक पहुंचने की कवायद भी तेजी से शुरू हो गई है। केंद्र सरकार के आदेशानुसार शनिवार यानी आज से कोविड -19 टीकाकरण अभियान का पूर्वाभ्यास सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो रहा है। इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं।

कोरोना वायरस वैक्सीन

सबसे पहले दिल्ली के दरियागंज में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू हो गया है। इसके अलावा दिल्ली के द्वारका स्थित वेंकेटेश्वर हॉस्पिटल में भी ड्राई रन चल रहा है।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन उत्तर पूर्वी दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे हैं। वो यहां कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का जायजा लेंगे।

 

बता दें कि भारत में कोरोना वैक्सीन की तैयारी पूरी है। अब वैक्सीनेशन शुरू होने की तारीख के ऐलान से पहले सभी जरूरी तैयारियों को परखना जरूरी है। इसके लिए केंद्र सरकार ने आज यानी 2 जनवरी 2021 से देश के हर राज्य में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन (Dry Run) का फैसला किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के कुल 116 जिलों में 259 जगहों पर आज COVID-19 वैक्सीन के लिए ड्राई रन किया जाएगा।