Breaking News

BJP ने महागठबंधन को बताया बिहार के साथ धोखा, नड्डा-शाह ने दिया लोकसभा चुनाव में 35 सीटों का टारगेट

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने के कुछ दिनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2024 के लोकसभा चुनावों में बिहार में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में मंगलवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में बिहार बीजेपी कोर कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में बिहार भाजपा के तमाम बड़े चेहरे शामिल हुए।

इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, सुशील कुमार मोदी, बीएल संतोष, रविशंकर प्रसाद, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडे, जनक राम, नंद किशोर यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।

‘2024 के चुनाव में 35 सीटों का लक्ष्य’
बैठक के बाद जायसवाल ने कहा, ‘बिहार में महागठबंधन लोगों को धोखा देने का गठबंधन है। बीजेपी इसके खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी। बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।”

उन्होंने आगे कहा, “बिहार कोर कमेटी की यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हुई। सभी मुद्दों पर बहुत गहन और विस्तृत चर्चा हुई है।”

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महागठबंधन को बिहार की जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि यह पिछले दरवाजे से बना गठबंधन है, जो बिहार में लालू राज को फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। जायसवाल ने आगे कहा कि भाजपा 2024 के आम चुनाव में बिहार में 35 से अधिक सीटें जीतकर कीर्तिमान स्थापित करेगी।

आपको बता दें कि बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं। राज्य में 17 सांसद भाजपा के हैं तो 16 नीतीश कुमार की पार्टी के पास। वहीं, 2019 के चुनाव में 6 सीटों पर रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा को जीत मिली थी। तीनों दल ने साथ-साथ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में महागठबंधन का बुरा हाल हुआ था। कांग्रेस पार्टी को सिर्फ एक सीट पर सफलता मिली थी।

इससे पहले मंगलवार को राज्य में महागठबंधन या महागठबंधन का हिस्सा रहे विभिन्न दलों से कुल 31 मंत्रियों को बिहार कैबिनेट में शामिल किया गया था। नए मंत्रियों को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजद को 16 मंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) को 11 मंत्री पद मिले हैं। कांग्रेस के दो विधायकों, जितन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के एक और एकमात्र निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।