Breaking News

BJP के खिलाफ मुहिम चला रहे पूर्व राज्यपाल, राजनीतिक दलों से कह रहे ये बात

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजियों की फसल तेज हो गयी है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने आगरा में कई तल्ख बयान दिया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के द्वारा देश का संविधान लिखा गया है। उसमें बदलाव का कोई मतलब नहीं है लेकिन भाजपा सरकार संविधान के साथ छेड़छाड़ करना चाहती है। भाजपा को ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दोबारा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो वह संविधान में बदलाव कर सकती है। इस दौरान उन्होंने अन्य राजनीतिक पार्टियों को साथ में चुनाव लड़ने की बात कही। अजीज कुरैशी ने 2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि वह एक मुहिम पर काम कर रहे हैं। वह शहर-शहर जाकर सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से बात कर रहे हैं कि सभी पार्टियां एक प्लेटफार्म पर आकर बीजेपी को हरायें। उन्होंने कहा कि अगर इस मुल्क को बचाना है, संविधान को बचाना है तो बीजेपी को हराना होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तभी मात खाएगी जब सभी एक हो जाएंगे। पिछले एक महीने से चल रही यह मुहिम चुनाव होने तक चलती रहेगी।

प्रदेश और केन्द्र से हटाना होगा

अजीज कुरैशी में कहा कि 2022 के साथ साथ 2024 मे केंद्र से भी बीजेपी को हटाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार 2024 में दोबारा से आती है तो भारत देश मे कुछ नही बचेगा, न लोकतंत्र, न संविधान कुछ नही बचेगा। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे देश को बेचा जा रहा है और तब तक पूरा देश बिक जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग जागरूक हों और देश को बचाने का काम करें।

मुस्लमानों की दुश्मन है बीजेपी

कुरैशी ने कहा कि भाजपा मुसलमानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। मुस्लिमों को बर्बाद और तबाह करने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है। भाजपा के नेता सिर्फ दिखावे के लिए मुस्लिम हित की बात करते है जबकि ऐसा है नहीं। मुसलमानों को संभलना होगा और सबके साथ मिलकर देश को इस बार भाजपा से बचाना होगा।

ओवैसी बीजेपी का एजेंट

एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बारे में कहा कि असदुद्दीन ओवैसी मुसलमानों का दुश्मन है। ओवैसी भी भाजपा का एजेंट है। अगर बिहार से एआईएमआईएम चुनाव नही लड़ती तो आज वहां पर बीजेपी नही होती। भाजपा और ओवैसी मिले हुए हैं। यह सब मिलकर मुसलमानों को बर्बाद कर रहे है। उन्होंने कई तल्ख टिप्पणी की।

राज्य मंत्री रघुराज सिंह पर भड़के कुरैशी

राज्यमंत्री रघुराज सिंह के ब्यान पर पूर्व राज्यपाल ने कहा कि राज्यमंत्री रघुराज सिंह जाहिल हैं। देश की आजादी में सबसे बड़ी भूमिका मुसलमानों की रही है। अंग्रेजों के समय पर सबसे पहले मदरसों ने कहा था कि अंग्रेजों की नौकरी करना हराम है। तलवार उठाओ और अंग्रेजों को देश से बाहर भगाओ। राज्यमंत्री रघुराज सिंह कहते है कि मदरसों से आतंकवादी निकलते हैं, वहां आतंक की तालीम दी जाती है। मदरसों में उर्दू, अरबी के साथ साथ हिंदी-अंग्रेजी भी पढ़ाई जाती है। मदरसों में 26 जनवरी, 15 अगस्त के त्योहार हर्ष-उल्लास के साथ मनाए जाते हैं और राष्ट्रगान अदब के साथ गाया जाता है।