Breaking News

दलित परिवार की हत्या से पहले मां-बेटी से गैंगरेप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आयी भीषण हैवानियत

प्रयागराज के फाफामऊ में दलित परिवार के चार लोगों की हत्या से पहले भीषण दरिंदगी भी की गई थी। मां और नाबालिग बेटी दोनों की रेप के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैवानियत का सच सामने आया है। आगे की जांच के लिए मां और बेटी दोनों का वेजाइनल स्वाब सुरक्षित किया गया है।
ज्ञात हो कि दो दिन पहले फाफामऊ के गोहरी गांव में एक ही दलित परिवार के दंपती, उसकी नाबालिग बेटी और बेटे की बेरहमी से गुरुवार को हत्या कर दी गयी थी। कमरे के अंदर मां बेटी के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले थे। दोनों की स्थिति देखकर ही पीड़ित परिवार ने हत्या और गैंगरेप का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। दो दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आयी है जिससे पता चला है कि चारों के सिर पर गंभीर जख्म है। किशोरी से पहले रेप किया गया। इसकी जांच के लिए भी आरोपियों के लार और अन्य चीजों को सुरक्षित किया गया है। यह भी बताया जा रहा है कि रेप के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। पीड़ित के भाई को नाक और मुंह दबाकर मारा गया था। इसके अलावा चारों के शरीर पर संभल और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की गई थी।

शवों का अंतिम संस्कार

शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में चारों का पार्थिव शरीर गोहरी गांव लाया गया। अंतिम संस्कार की तैयारी से पूर्व ही महिलाएं काफी आक्रोशित हो गईं। महिलायें शवों के चारों तरफ घेर कर बैठ गई और हंगामा करने लगीं। इस दौरान पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत आसपास के कई नेता भी उपस्थित थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि मृतक परिवार के दो सदस्यों को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपए मुआवजा, मृतक के भाइयों को शस्त्र का लाइसेंस और पांच बीघा जमीन दी जाये।

इसके साथ ही इस मुकदमे के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर फास्ट कोर्ट की मदद से उन्हें सजा दिलाई जाये। महिलाओं ने मांग की कि आरोपियों का घर बुलडोजर से गिराया जाये। इसके बाद ही वह अंतिम संस्कार करेंगे। परिवार की मांग ने प्रशासन को परेशान कर दिया। प्रशासन के सामने बड़ी मुश्किल स्थिति हो गयी। प्रशासन ने परिजनों को 16.50 लाख की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। परिवार के पुरुष सदस्य का शस्त्र लाइसेंस बनेगा। परिवार की सुरक्षा के लिए पिकेट भी तैनात होगी। डीआईजी ने बताया 11 नामजद अभियुक्तों में से आठ गिरफ्तार हो चुके हैं। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ।

परिजनों से मिली प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार की दोपहर गोहरी गांव पहुंच कर परिजनों से मुलाकात कीं। इस दौरान जमीन पर ही बैठकर प्रियंका ने उनकी बातें सुनीं। वहां से निकलने के बाद सरकार पर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि दलितों और किसानों पर हमले बढ़े हैं। सरकार कुछ कर नहीं पा रही है।