Breaking News

CDS रावत के चॉपर क्रैश में अकेले जिंदा बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

तमिलनाडु के कुन्नूर के समीप हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जिंदा बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया है। इस आशय की जानकारी भारतीय वायुसेना ने दी। वायुसेना के मीडिया कोआर्डिनेशन सेंटर ने एक बयान में कहा कि भारतीय वायुसेना को बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की सूचना देते हुए गहरा दुख है। उनका आज सुबह निधन हो गया। भारतीय वायुसेना उनके परिवार के साथ है। सिंह के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं और आमजन ने शोक प्रकट किया।

 

राष्ट्रपति भवन के ट्विटर अकाउंट पर लिखा गया कि यह जानकर दुख हुआ कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने जीवन के लिए एक बहादुर लड़ाई लड़ने के बाद अंतिम सांस ली। हेलिकॉप्टर दुर्घटना में बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने वीरता और अदम्य साहस का परिचय दिया। राष्ट्र उनका आभारी है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व, पराक्रम और अत्यंत पेशेवराना अंदाज में देश की सेवा की। उनके निधन से मुझे अत्यंत दुख पहुंचा है। देश के लिए उनकी सेवा को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह अपने परिवार के साथ।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, IAF पायलट, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जान कर बहुत दुख हुआ। वह सच्चे योद्धा थे जो अंतिम सांस तक लड़ते रहे। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। ईश्वर वीर की आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करें। मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ऊँ शांति शांति शांति।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के दोस्तों और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह देश के लिए दुखद क्षण है। इस दुख में हम सब आपके साथ हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भी सिंह के देहावसान पर दुःख प्रकट किया। कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर लिखा गया, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन से हमें अत्यंत दुख हुआ है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। भारत माता के इस वीर सपूत को शत शत नमन।

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लिखा, तमिलनाडु हेलीकॉप्टर हादसे में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह जी की उपचार के दौरान मृत्यु के समाचार से आहत हूं। उनकी वीरता और देश के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुःख की इस घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ है। जय हिंद।