Breaking News

बेटी सना ने बताया कैसी है पिता सौरव गांगुली की तबीयत, अस्पताल से बाहर निकलकर कही ये बात

भारतीय टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली की शनिवार सुबह अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी करवाई गई, जिसके बाद उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सौरव गांगुली को घर में जिम में वर्कआउट के दौरान अचानक ही सीने में दर्द की परेशानी हुई थी, जिसके बाद तुरंत उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, अब दादा की बेटी सना ने मीडिया के सामने आकर पिता की तबीयत की जानकारी दी है।

शनिवार को पिता से मिलने के बाद सना ने अस्पताल से बाहर आने के बाद पहले कहा कि वह इस बारे में बाद में बात करना चाहेगी। लेकिन कार में बैठने के बाद सना ने कहा कि उनकी हालत अब बेहतर है। वह अब बात करने की स्थिति में हैं। वहीं, इससे पहले वुडलैंड्स अस्पताल की तरफ से भी सौरव गांगुली की सेहत की जानकारी दी गई थी। अस्पताल ने बयान जारी कर कहा, ‘सौरव गांगुली की हालत अब स्थिर है। गांगुली की एंजियोप्लास्टी की गई जिसके बाद दिल की नसों में स्टेंट डाला गया। फिलहाल सौरव गांगुली बिलकुल ठीक हैं। भगवान का शुक्रिया।’

हालांकि, जैसे ही मीडिया में सौरव गांगुली की खराब तबीयत की जानकारी आईं, तो क्रिकेटर्स और राजनेताओं से लेकर हजारों प्रशंसकों ने उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ करनी शुरू कर दी। गृह मंत्री अमित शाह ने सौरव गांगुली की पत्नी डोना को फोन किया और उनकी तबीयत की जानकारी ली। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी गांगुली का हालचाल लेने अस्पताल पहुंच गई। जिसके बाद ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनकी तबीयत अब अच्छी है।

मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि वह अब ठीक है लेकिन मुझे इस बात का आश्चर्य है कि उन्होंने पहले कभी भी अपना टेस्ट नहीं करवाया। वह एक खिलाड़ी हैं। हम सोच भी नहीं सकते कि उन्हें इस तरह की परेशानी हो सकती है। डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी की है। मैं यहां डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करती हूं।