Breaking News

झारखंड चुनावः JMM ने 4 दिन पहले BJP से आई लुईस मरांडी को जामा सीट से दिया टिकट

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand assembly elections) के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (Jharkhand Mukti Morcha) ने शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों की पांचवीं लिस्ट (Fifth list of candidates) जारी कर दी। इस लिस्ट में सिर्फ एक सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा की गई। पार्टी ने जामा सीट से पूर्व भाजपा विधायक लुईस मरांडी (Former BJP MLA Lewis Marandi) को टिकट दिया है। यह सीट अनुसूचित जनजाति प्रत्याशी के लिए सुरक्षित है। लुईस मरांडी 21 अक्तूबर को ही भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल हुई हैं।झारखंड के मुख्यमंत्री ने हेमंत सोरेन ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘जामा विधानसभा के सभी अगुआ साथियों ने बड़ी बहन श्रीमती लुईस मरांडी जी के नेतृत्व जामा विधानसभा जीतने का प्रण लिया। जामा विधानसभा की महान जनता को एक अनुभवी नेतृत्व मिलने की बधाई।’

सोरेन को हरा चुकी हैं लुईस मरांडी
साल 2014 के विधानसभा चुनाव में दुमका सीट पर लुईस मरांडी का मुकाबला झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन से हुआ था, जिसमें मरांडी ने उन्हें 5,262 मतों के अंतर से हरा दिया था। इसके बाद साल 2019 में हुए चुनाव में सोरेन ने 13,188 वोटों के अंतर से यह सीट जीती थी। हालांकि, उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी और बरहेट सीट को बरकरार रखा था।

अब तक कुल 43 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी पार्टी
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए झामुमो अबतक कुल पांच लिस्ट जारी करते हुए कुल 43 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने पहली लिस्ट सोमवार रात को जारी की थी, जिसमें 35 नाम थे, बुधवार दोपहर को आई दूसरी सूची में 1 नाम था, बुधवार रात को आई तीसरी सूची में 5 नाम थे, गुरुवार को आई चौथी लिस्ट में 1 नाम था, वहीं आज आई पांचवीं सूची में भी 1 नाम है।

झामुमो के प्रमुख प्रत्याशियों की सूची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट सीट से और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय सीट से चुनाव मैदान में हैं। पार्टी ने मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन को दुमका विधानसभा सीट से, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को नाला विधानसभा सीट से, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी को रांची सीट से, मंत्री मिथिलेश ठाकुर को गढ़वा विधानसभा सीट से, सोनू सुदिव्य को गिरिडीह विधानसभा सीट से और बेबी देवी को डुमरी विधानसभा सीट से चुनाव चुनाव मैदान में उतारा है।

पार्टी ने सरायकेला से गणेश माहली को उम्मीदवार बनाया है। वे यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन का मुकाबला करेंगे। जबकि खूंटी सीट से पार्टी ने पहले स्नेहलता कंडूलना को टिकट दिया था, हालांकि फिर उन्हें हटाकर राम सूर्या मुंडा को टिकट दे दिया।