Breaking News

5 तरह की चीज़ों का इस्तेमाल करके दूर करें कील मुंहासे

मौसम दिन पे दिन पलटी मार रहा हैं। वहीं बदलते मौसम में सेहत से जुड़ी कई परेशानियां होना भी लाजमी हैं। ऐसे में जब बात बरसात के मौसम की हो और उसमें त्वचा से जुड़ी समस्याएं (Skin Problems) पैदा न हो ऐसे कैसे हो सकता है। ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी जिस चीज की होती हैं वो हैं बेवजह मुंह पर निकले कील-मुंहासे यानि पिंपल की समस्या की।

अक्सर लोग पिंपल हटाने के लिए कई तरह की क्रीम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हर बार ये जरूरी नहीं कि पिंपल हटाने का यह तरीका काम कर जाए। कभी-कभार इनसे पड़े दाग हमारे लिए जीवन भर की परेशानी का सबब भी बन जाते हैं। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं पिंपल हटाने के कुछ घरेलू नुस्खे (Home Remedies For Acne) के बारे में। लेकिन सबसे पहले यह समझना बेहद जरूरी है कि जिस तरीके को आप इस्तेमाल कर रहे हैं वह पिंपल के दाग हटाने (Pimple Scar) में काम करेगा भी या नहीं।

मुंहासे दो प्रकार के होते हैं नॉन-इंफ्लेमेटरी और इंफ्लेमेटरी। वाइटहेड और ब्लैकहेड नॉन-इंफ्लेमेटरी मुंहासे होते हैं, वहीं इंफ्लेमेटरी में पैप्युल्स, पस्ट्यूल, नोड्यूल और सिस्ट जैसे मुंहासे आते हैं। इनमें से इंफ्लेमेटरी यानी सूजन वाले मुहांसों से दाग होने का डर होता है। सूजन वाले मुंहासे तब होते हैं, जब आपकी त्वचा के रोम छिद्र अत्यधिक तेल, मृत कोशिकाओं और गंदगी से बंद होने लगते हैं। इससे त्वचा के रोम छिद्र सूजने लगते हैं। यही कारण होता है, जब फॉलिकल वॉल फैलकर टूट जाती है और छिद्रों में सूजन का कारण बनती है।

कील मुंहासे के दाग को मिटाने के घरेलू उपाय

नारियल तेल: एक चम्मच नारियल तेल को अपने हथेलियों पर लगाए। अब इस तेल को अपने चेहरे पर लगाएं, खासकर मुंहासों के कारण हुए दाग पर। इसे रात को लगाएं और रातभर लगा रहने दें। फिर अगली सुबह पानी से धो लें। नारियल तेल के कई फायदे होते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन-ई होता है, जो आपकी त्वचा में स्वस्थ टिश्यू को बनने में मदद करता है। साथ ही त्वचा में एक नई जान डालकर उसे निखारता है।

सेब का सिरका: एक चम्मच सेब के सिरके को दो चम्मच शहद के साथ मिलाएं। इस मिश्रण में थोड़ा पानी मिला लें, ताकि ये अच्छे से घुल जाए। अब इस मिश्रण को रूई की मदद से अपने चेहरे और मुंहासे के दाग पर लगाएं। उसके बाद 10 से 15 मिनट के लिए इसे लगा रहने दें और फिर बाद में पानी से धो लें। सेब के सिरके में एंटी-माइक्रोबियल गुण है, जो मुंहासों को दूर करता है।

एलोवेरा: एलोवेरा के पत्ते से एलोवेरा जेल निकाल लें या बाजार से खरीद लें। रात को सोने से पहले जेल को अपने दाग पर लगाएं। रातभर के लिए लगा रहने दें। सुबह उठकर मुंह धो लें। एलोवेरा में पॉलीसैकराइड और जिबरेलिंस (polysaccharides and gibberellins) मौजूद हैं, जो त्वचा के दाग को कमता हैं।

संतरे का छिल्का: एक कटोरी में संतरे के छिल्के का पाउडर में और उसमें शहद मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को पिंपल के दाग पर लगाएं। इसे लगाकर सूखने के लिए छोड़ दें फिर पानी से धो लें। संतरे की तरह ही संतरे के छिल्के में भी कई गुण होते हैं। ये कील-मुंहासे के दाग के रंग को हल्का करने में मदद करता हैं।

बेकिंग सोडा: दो चम्मच बेकिंग सोडा को एक चम्मच पानी में मिलाएं। अब इस मिश्रण को पिंपल्स के दाग पर लगाएं। फिर सूखने के बाद इसे धो लें। 15 मिनट बाद चेहरा धो लें। बेकिंग सोडा में एक्सफोलिएटिंग गुण है, जो त्वचा की मृत कोशिकाओं को निकालता है। बेकिंग सोडे में थोड़ा खारापन होता है, जो त्वचा के पीएच स्तर को संतुलित करता है।