Breaking News

सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का हल्ला-बोल, पुलिस से झड़प; हिरासत में कई कार्यकर्ता

दिल्ली में CBI की ओर से दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, झड़प के बाद AAP के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

पंजाब में भी भाजपा कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में विरोध कर रहे कार्यकर्त्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और सड़क पर यातायात चालू करवाया। पार्टी का मोर्चा चर्चगेट स्टेशन से आगे नहीं बढ़ सका। अब मुंबई में मोर्चा लगभग खत्म हो गया है।

बता दें, मनीष सिसोदिया को रविवार की रात में ही सीबीआई ने पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किया है। सिसोदिया पर आरोप है कि उन्होंने साल 2021-22 की आबकारी नीति जारी करने और उसे लागू करने में अनियमितता बरती।

इस संबंध में उनकी गिरफ्तारी से पहले सीबीआई ने करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटनाक्रम को डर्टी पॉलिटिक्स करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह से सिसोदिया की गिरफ्तारी से देशवासियों में गुस्सा है और जनता इसका जवाब जरूर देगी।