Breaking News

सहारनपुर: बाइक को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने ही गोली मारकर कर दी अपने दोस्त की हत्या

रिपोर्ट:- गौरव सिंघल, विशेष संवाददाता,दैनिक संवाद, सहारनपुर मंडल,उप्र:।।

सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज)।एक दोस्त ने बाइक को लेकर हुए झगड़े में अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह पूरे मामले को एक दुर्घटना दर्शाने की कोशिश करता रहा लेकिन पुलिस ने जब युवक से सख्ती से पूछताछ की तो पता लगा उसी ने अपने दोस्त को आवेश में आकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार जनपद के  नकुड थाने के बिडवी गांव में सोमवार देर शाम दो दोस्त चेतन और लोकेश एक साथ बैठे हुए थे। इसी बीच चेतन और लोकेश में बाइक को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा गया कि चेतन ने लोकेश की कनपटी पर देसी पिस्टल सटाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में इस घटना को दुर्घटना दर्शाने के लिए चेतन लगातार गांव के लोगों से यही कहता रहा कि हम लोग आपस में बात कर रहे थे और हम पिस्टल चेक कर रहे थे और इसी बीच गोली चल गई। जिसकी वजह से लोकेश की मौत हो गई।

लेकिन पुलिस को चेतन की बातों पर संदेह हुआ और उससे सख्ती के साथ पूछताछ की। जिसके बाद चेतन ने सारा सच उगल दिया और बताया कि बाइक को लेकर उसका लोकेश के साथ विवाद हो गया था और उसी विवाद के चलते उसने 9mm के अवैध पिस्टल से लोकेश की हत्या कर दी। पुलिस ने चेतन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर लिया है साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी देहात सूरज कुमार राय ने आरोपी चेतन को पत्रकारों के सामने पेश करते हुए मामले का खुलासा किया।