Breaking News

सहारनपुर : दो राजस्व अफसरों समेत चार गिरफ्तार

रिर्पोट :- गौरव सिंघल,विशेष संवाददाता,दैनिक संवाद,सहारनपुर मंडल।

सहारनपुर। 
एसआईटी और थाना बेहट पुलिस ने सहारनपुर के चर्चित खनन माफिया हाजी इकबाल के 80 बीघा अवैध भूमि आबंटन मामले में बडी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के दो बडे अधिकारियों समेत चार लोगोे की गिरफ्तारी की है। एसएसपी आकाश तोमर ने आज बताया कि 14 अक्टूबर 2021 को बेहट तहसील के राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार ने खनन माफिया हाजी इकबाल द्वारा चलाए जा रहे एक ट्रस्ट को 80 बीघा भूमि के आवंटन के संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया था।
जिस पर बेहट थाने में आईपीसी की धारा 420, 466, 467, 468,471 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें रजिस्ट्रार कानूनगो जनेश्वर प्रसाद निवासी हकीकत नगर सहारनपुर राजस्व निरीक्षक कार्यालय भूलेख बीरबल सिंह पुत्र गेंदाराम निवासी विनय विहार कालोनी पेपर मिल रोड सहारनपुर, हलका लेखपाल मोहम्मद शोएब निवासी 62 फुंटा रोड सब्जी मंडी दिल्ली पैलेस सहारनपुर रजिस्ट्रार कानूनगो पवन सिंह बेहट, सुरेंद्र पुत्र रघुबीर एवं संजय पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम शेरपुर पेलो थाना मिर्जापुर नामजद किए गए थे। इन सभी पर आरोप था कि उन्होंने अभियुक्तगण द्वारा आपसी षडयंत्र से अपने सह अभियुक्तों को सदोष लाभ पहुंचाने के लिए जमीन का बैनामा वहीद एजुकेशनल एवं चेरिटेबल ट्रस्ट न्यू भगत सिंह कालोनी बाजोरिया रोड सहारनपुर के नाम किया था।

एसएसपी आकाश तोमर ने इस मामले की जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। एसआईटी जांच में दोषी पाते ही बेहट पुलिस ने जनेश्वर प्रसाद, बीरबल सिंह को जेल भेज दिया था। दो नामजद अभियुक्तों का देहांत हो चुका है। दो अन्य अभियुक्तों सुरेंद्र और संजय को बेहट पुलिस ने आज
 गंदेवड तिराहा से गिरफ्तार किया है। जिन्हें अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि खनन माफिया इकबाल को अवैध पट्टे आबंटन की भूमि के और प्रकरण भी जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया में शामिल है। उन पर भी यथाशीघ्र कार्रवाई होगी।