Breaking News

सदस्यता ग्रहण कर लौटे विधायक विनय शंकर तिवारी का सपा कार्यालय पर हुआ स्वागत

समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सपा के बेतियाहाता स्थित कार्यालय पहुंचे विधायक विनय शंकर तिवारी का पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि विधायक विनय शंकर तिवारी सहित शामिल सभी नेताओं उनके समर्थकों का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की नीतियों से प्रभावित होकर अन्य दलों के सभी जाति धर्म के लोग समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं सभी का स्वागत व अभिनंदन है। विधायक विनय शंकर तिवारी पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडे के पार्टी में शामिल होने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रबल जनसमर्थन से भाजपा घबरा गई। भाजपा के अन्दर हार का डर जितना बढ़ता जाएगा, विपक्षियों पर छापों का दौर भी उतना बढ़ता जाएगा। फिर भी समाजवादी पार्टी का रथ और हर कार्यक्रम बदस्तूर चलता जाएगा।

विधायक विनय शंकर तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार ब्राह्मणों की हत्या व उत्पीड़न हो रहा है। सपा मुखिया ने हमें आश्वस्त किया है कि ब्राह्मण समाज सहित सभी समाज व सभी धर्मों वर्गों का सम्मान सपा में होगा। भाजपा सरकार में किसान मजदूर और व्यापारी सभी परेशान हैं। इस सरकार के फैसलों से जनता पर संकट आया। बीजेपी ने जनता को परेशानी दी है उत्तर प्रदेश को विकास के मामले में बहुत पीछे छोड़ दिया है। आम जनता को अपमानित किया।

जनता, नौजवान और बेरोजगार तैयार है। सरकार बदल जाएगी। निवर्तमान महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम ने कहा कि भाजपा महंगाई बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर जनता का जवाब नहीं दे पा रही है। इसलिए चुनाव में आयकर, सीबीआई और इनकम टैक्स लेकर आ रही है। यूपी में भाजपा का सफाया तय है। भाजपा की कार्य प्रणाली से जनता में बहुत नाराजगी है। इस दौरान प्रमुख रूप से निवर्तमान जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी, जियाउल इस्लाम, अखिलेश यादव आदि मौजूद रहे।